नई दिल्ली दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने रविवार को मायापुरी स्थित कांवड़ सेवा शिविर और पीतमपुरा स्थित कांवड़ शिविर का दौरा कर शिवभक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने मायापुरी कांवड़ सेवा शिविर में देवतुल्य कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें प्रसाद वितरित कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन के पावन महीने में हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचने वाले कांवड़ियों के प्रति पूरे समाज में श्रद्धा और सम्मान का भाव है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरी दिल्ली बाबा भोले की भक्ति के रंग में रंगी हुई है और जगहजगह लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शिवभक्तों से संवाद किया और उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिविर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर विधायक श्री अनिल शर्मा, श्री उमंग बजाज, पूर्व सांसद श्री रमेश बिधूड़ी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित थे।
इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा स्थित कांवड़ शिविर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने शिवभक्तों एवं सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और सेवा का अद्भुत संगम है और दिल्ली में शिवभक्तों की सेवा के लिए विभिन्न संस्थाओं और स्वयंसेवकों द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राजधानी से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण मिले। सरकार और प्रशासन कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा केवल व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि श्रद्धा और सेवाभाव से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने कांवड़ सेवा में जुटे सभी सेवा समितियों, आयोजकों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा उनके समर्पण की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों को सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ियों की यात्रा को मंगलमय, सुरक्षित और सफल बनाने की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा सभी श्रद्धालुओं और दिल्लीवासियों पर सदैव बनी रहे।



