IndiaUttar Pradesh

अतीक के बेटे उमर के काफिले की 30 गाड़ियों ने बिना टोल दिए पार किया बैरियर, प्रयागराज में टोल प्लाजा पर हंगामा… FIR दर्ज

Umar Ahmed Convoy Toll Chaos: माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लखनऊ जेल से प्रयागराज ले जाते समय नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा हुआ. कोर्ट के आदेश पर उमर को पुलिस सुरक्षा में एक पारिवारिक जनाजे में शामिल होने के लिए प्रयागराज लाया जा रहा था. इसी दौरान उसके काफिले में शामिल करीब 25 से 30 निजी वाहनों ने बिना टोल दिए बैरियर पार कर लिया.

अतीक के बेटे उमर के काफिले की 30 गाड़ियों ने बिना टोल दिए पार किया बैरियर, प्रयागराज में टोल प्लाजा पर हंगामा… FIR दर्ज

टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और धमकी दी गई. टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से नवाबगंज थाने में मामले की तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई गई है. पुलिस को दी गई तहरीर में कई वाहनों के नंबर भी दर्ज कराए गए हैं.

पुलिस वैन के पीछे चल रहा था काफिला

शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त 2026 की रात करीब 3:50 बजे नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथ नंबर3 पर उमर अहमद को पुलिस अभिरक्षा में जिला कारागार लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद उसके पीछे बड़ी संख्या में वाहन टोल प्लाजा पहुंचे. आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों के चालकों ने टोल बैरियर को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ कथित तौर पर गालीगलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई.

टोल कर्मचारियों के मुताबिक, वाहनों ने तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से टोल प्लाजा पार किया. इस दौरान सरकारी टोल बैरियर को नुकसान पहुंचने के साथ राजस्व की भी क्षति हुई. शिकायत में कहा गया है कि करीब 2530 वाहनों ने बिना टोल अदा किए टोल प्लाजा पार किया.

टोल प्रबंधन ने कराए कई वाहनों के नंबर उपलब्ध

टोल प्रबंधन ने पुलिस को दी शिकायत में कई वाहनों के नंबर उपलब्ध कराए हैं. इनमें UP32 NJ 1458, UP70HP 8416, UP32QC0072, UP32EZ2056, UP70HB1786, UP70DL6CT9370, UP60AV5378, UP70HX3080, UP70GV2525, UP32G E8243, UP32K R3795, UP70GQ4834 समेत अन्य वाहन शामिल बताए गए हैं.

CCTV और वाहनों के नंबर से जांच

टोल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज और शिकायत में दिए गए वाहनों के नंबरों के आधार पर काफिले में शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है. टोल प्रबंधन ने उमर के साथ चल रहे काफिले के वाहनों पर टोल चोरी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply