चेन्नई : ऑस्कर विजेता मशहूर संगीतकार एआर रहमान के बेटे और जानेमाने प्लेबैक सिंगर एआर अमीन एक सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। सोमवार सुबह चेन्नई के गिंडी इलाके में उनकी लग्जरी पोर्श कार की एक कैब से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अमीन और उनके साथ मौजूद दोस्त को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। इस घटना से रहमान परिवार और उनके फैंस की चिंताएं बढ़ गई थीं, लेकिन राहत की बात है कि अमीन पूरी तरह सुरक्षित हैं।

देर रात सिग्नल के पास हुआ हादसा, बालबाल बची जान
यह भीषण हादसा चेन्नई के गिंडी स्थित ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास सोमवार की देर रात हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक वैगनआर साइड रोड से अचानक तेज रफ्तार में मुख्य सड़क पर आ गई और अमीन की पोर्श कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में अमीन और उनके दोस्त को कोई गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों को लेकर अपनी आगे की जांच शुरू कर दी है।
बहन खतीजा ने सोशल मीडिया पर दिया हेल्थ अपडेट
दुर्घटना की खबर फैलते ही फैंस अमीन की सलामती की दुआ मांगने लगे। लोगों की घबराहट को देखते हुए एआर रहमान की बेटी और अमीन की बहन खतीजा रहमान ने सोशल मीडिया पर आकर स्थिति स्पष्ट की। खतीजा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फैंस के प्यार और चिंताओं के लिए आभार जताते हुए लिखा, “आप सभी के संदेशों के लिए बहुतबहुत धन्यवाद। मैं हर किसी को अलगअलग जवाब नहीं दे पा रही हूं, लेकिन भगवान की कृपा से अमीन बिल्कुल सुरक्षित और ठीक हैं।” हालांकि, खुद एआर रहमान या अमीन की तरफ से अभी तक इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पिता की राह पर चलकर म्यूजिक इंडस्ट्री में बना रहे हैं पहचान
अपने मशहूर पिता की तरह ही एआर अमीन भी संगीत की दुनिया में सक्रिय हैं और अपनी एक अलग पहचान बना रहे हैं। काम की बात करें तो अमीन ने हाल ही में साउथ सुपरस्टार राम चरण की आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ का तमिल वर्शन गाया है। इसके अलावा वह दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर के साथ इंडिपेंडेंट म्यूजिक ट्रैक ‘भीगी भीगी’ पर भी काम कर चुके हैं। वहीं, एआर रहमान भी इन दिनों बॉलीवुड और साउथ की कई बड़ी फिल्मों के संगीत को लेकर व्यस्त हैं, जिनमें नितेश तिवारी की बहुचर्चित ‘रामायण’ और सनी देओल की ‘बटवारा 1947’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।



