
रायबरेली, अमृत विचार। लखनऊ के सत्यार्थ हॉस्पिटल में इलाज के दौरान लालजी सोनकर की मौत पर परिजनों को सदर विधायक अदिति सिंह ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं सदर विधायक के प्रयासों से मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा
सदर विधायक अदिति सिंह ने बताया कि घटना के बाद से वह पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार लखनऊ प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में यदि किसी की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली दो लाख की सहायता
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पीड़ित परिवार की तत्काल सहायता का अनुरोध किया था। इसके परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। साथ ही परिवार को विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत दो बच्चों को प्रतिमाह 25002500 रुपये और पारिवारिक लाभ योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
‘परिवार के साथ खड़ी हूं’ : अदिति सिंह
विधायक अदिति सिंह ने कहा कि स्वर्गीय लालजी सोनकर के परिवार के दुख में वह पूरी संवेदना के साथ उनके साथ खड़ी हैं। प्रशासन द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ कुमार, एसडीएम सदर गौतम सिंह आदि मौजूद रहे।



