
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी टी20 लीग के सीजन4 के आगाज से पहले लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर उन्हें लीग के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान लीग के आयोजन और प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा हुई।
सतीश महाना को दी लीग की जानकारी
सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात के दौरान डॉ. संजय कपूर ने उन्हें यूपी टी20 लीग सीजन4 के आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की और लीग के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले रविवार को डॉ. संजय कपूर ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की थी। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को भी सीजन4 के लिए आमंत्रित करते हुए लीग के आयोजन और तैयारियों के बारे में जानकारी दी।
‘प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच’
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात के दौरान लीग के आयोजन के साथ प्रदेश में क्रिकेट को बढ़ावा देने को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस सीजन भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। लीग युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
14 अगस्त से इकाना में शुरू होगा सीजन4
यूपी टी20 लीग सीजन4 की शुरुआत 14 अगस्त को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होगी। लीग का फाइनल 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग के पहले चरण के 22 मुकाबले लखनऊ में खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में प्लेऑफ और फाइनल समेत 12 मैच कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होंगे। इस तरह सीजन4 में उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख क्रिकेट मैदानों पर मुकाबलों का आयोजन होगा।



