
तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
प्रेम विवाह करने के बाद युवक ने महिला को दो वर्ष तक रिश्तेदार के यहां रखा, छह महीने पहले अपने घर ले जाने के बाद कमाने चला गया। आरोप है कि इस बीच ससुराल वाले उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर आठ अगस्त को मारपीट कर घर से निकाल दिए।
सोमवार को नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 स्थित जंगल अगही टोला सहजुआ निवासी उर्मिला निषाद ने पीपीगंज थाने में ससुरालियों के विरुद्ध तहरीर दी। मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उर्मिला निषाद ने पुलिस को बताया कि ढाई वर्ष पहले सरहरी के टोला बनकटवा, थाना गुलरिहा निवासी गोविंद निषाद से मंदिर में प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के बाद पति उसे दो वर्ष तक रिश्तेदार के घर रखने के बाद अपने घर ले गया। इसके बाद वह कमाने के लिए बाहर चला गया।
पति के बाहर जाने के बाद ससुराल वालों ने दान-दहेज और घरेलू सामान की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे और घर से निकाल दिया। मायके पक्ष के लोग जब उसे दोबारा ससुराल लेकर पहुंचे तो आरोपितों ने उसे रखने से इन्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति गोविंद निषाद, ससुर रामसजन निषाद, सास गुड्डी देवी, तीन देवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



