IndiaPunjabTrending

बेअंत हत्याकांड के दोषी जगतार सिंह हवारा ने 1 दिन की पैरोल लेने से किया मना, CM भगवंत मान ने राज्यपाल से की मुलाकात

चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सामने आ रही जानकारी के अनुसार सरकार ने हवारा को एक दिन की पैरोल दी है लेकिन उन्होंने इतनी कम अवधि की पैरोल लेने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि हवारा कम से कम 10 दिन की पैरोल चाहते हैं, ताकि वह अपनी बीमार मां के साथ कुछ समय बिता सकें।

बेअंत हत्याकांड के दोषी जगतार सिंह हवारा ने 1 दिन की पैरोल लेने से किया मना, CM भगवंत मान ने राज्यपाल से की मुलाकात

इस मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मानवता के आधार पर हवारा को 10 दिन की पैरोल दिए जाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि जगतार सिंह हवारा की मां की तबीयत लंबे समय से ठीक नहीं रहती और उनकी इच्छा है कि वह अपने बेटे से मिलें। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि यदि हवारा को पैरोल मिलती है तो पंजाब सरकार कानूनव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी लेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैरोल की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की नारेबाजी, हुड़दंगबाजी या कानूनव्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।

31 वर्षों बाद मां से मुलाकात की मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 31 वर्षों के बाद मानवीय आधार पर हवारा को अपनी मां से मिलने का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इसी विषय को लेकर वह राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के अनुसार पंजाब सरकार ने हवारा के लिए 10 दिन की पैरोल मांगी है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं और संबंधित मामला केंद्र शासित प्रदेश से जुड़ा हुआ है। पैरोल की सिफारिश यहां से आगे भेजी जाएगी, जबकि इस पर अंतिम फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय को करना है।

पंजाब सरकार ने दी कानूनव्यवस्था की गारंटी

भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को विश्वास दिलाया है कि हवारा की पैरोल के दौरान किसी प्रकार की कानूनव्यवस्था संबंधी परेशानी पैदा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई विरोध प्रदर्शन, उग्र नारेबाजी या सार्वजनिक अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार हवारा की रिहाई की मांग को लेकर सक्रिय धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। इसी भरोसे के आधार पर पंजाब सरकार ने राज्यपाल के समक्ष पैरोल की सिफारिश रखी है।

जल्द पूरी हो सकती हैं औपचारिकताएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मामले में केंद्र सरकार से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाने का आश्वासन दिया है। भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि जल्द ही जगतार सिंह हवारा अपनी बीमार मां के पास बैठ सकेंगे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply