IndiaTrending

258 करोड़ की Online Shopping, फिर भी एक भी पैकेट नहीं खोला… महिला की कहानी सुन रह जाएंगे हैरान

258 करोड़ की Online Shopping, फिर भी एक भी पैकेट नहीं खोला… महिला की कहानी सुन रह जाएंगे हैरान

कई लोग तनाव कम करने के लिए संगीत सुनते हैं, फिल्म देखते हैं या दोस्तों के साथ समय बिताते हैं. लेकिन जापान में एक महिला ने स्ट्रेस दूर करने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे सुनकर शायद आप भी हैरान रह जाएंगे. महिला ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर एनीमे कैरेक्टर्स से जुड़े सामान देखती थी और सामान को ऑर्डर करने से उसे काफी सुकून मिलता था. हैरानी की बात यह है कि उसने करीब दो साल में 258 करोड़ रुपये से ज्यादा के सामान के ऑर्डर कर डाले, लेकिन इनमें से एक भी प्रोडक्ट उसके घर नहीं पहुंचा.

जापान की 32 वर्षीय महिला योशिदा पर आरोप है कि वह ऑनलाइन स्टोर से सामान ऑर्डर करने के बाद अलग-अलग तरीकों से उसे कैंसिल करवा देती थी. कई बार वह डिलीवरी के लिए अपना सही पता देने के बजाय गलत या नकली पता इस्तेमाल करती थी. ऐसे में डिलीवरी एजेंट किसी दूसरे घर तक पहुंच जाता और सामान महिला तक पहुंचने से पहले ही ऑर्डर रद्द हो जाता था. कुछ मामलों में उसने पार्सल की पेमेंट के लिए कन्वीनियंस स्टोर का विकल्प चुना, लेकिन तय समय के अंदर भुगतान नहीं किया. वहीं कुछ ऑर्डर में उसने कैश ऑन डिलीवरी के समय सामान लेने से साफ इनकार कर दिया. इस तरह ऑर्डर करने और फिर उसे कैंसिल कराने का सिलसिला लगातार चलता रहा.

दो साल में 2 हजार से ज्यादा ऑर्डर कैंसिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सिलसिला करीब दो साल तक चला और इस दौरान महिला ने 2,000 से ज्यादा ऑर्डर अलग-अलग तरीकों से कैंसिल किए. बार-बार ऑर्डर कैंसिल होने से सिर्फ ऑनलाइन स्टोर का काम ही प्रभावित नहीं हुआ, बल्कि कंपनी को डिलीवरी और उससे जुड़े खर्चों का भी नुकसान उठाना पड़ा. जापानी ब्रॉडकास्टर FNN प्राइम ऑनलाइन के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया में शुएशा के Jump Characters Store को करीब 75 लाख येन यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ. कंपनी के लिए परेशानी इसलिए भी बढ़ी क्योंकि जिन प्रोडक्ट्स को महिला बार-बार बुक करती और फिर कैंसिल करती थी, उन्हें उस दौरान दूसरे ग्राहक खरीद नहीं पाते थे.

महिला ने बताया, ऑर्डर करने से मिलता था सुकून
जांच के दौरान योशिदा ने अपने इस व्यवहार की वजह भी बताई. उसके मुताबिक, उसे ऑनलाइन स्टोर पर एनीमे कैरेक्टर्स के सामान देखना काफी पसंद था. रोजमर्रा की जिंदगी में टेंशन ज्यादा होने के कारण जब भी वह किसी सामान के उपलब्ध होने से पहले उसे ऑर्डर करती थी, तो उसे एक अलग तरह की संतुष्टि महसूस होती थी. उसने यह भी कहा कि कंपनी के प्रति उसकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. वह यह सब अपने टेंशन को कम करने और खुद को अच्छा महसूस कराने के लिए करती थी. यानी उसके लिए असली खुशी सामान हासिल करने में नहीं, बल्कि उसे ऑनलाइन ऑर्डर करने में थी.

238 अलग-अलग अकाउंट्स से करती थी शॉपिंग
इस मामले की एक और हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग के लिए करीब 238 अलग-अलग अकाउंट्स का इस्तेमाल किया. FNN (फुजी न्यूज नेटवर्क) की रिपोर्ट के अनुसार, उसने लगभग छह साल पहले इस ऑनलाइन स्टोर से सामान खरीदना शुरू किया था. शुरुआत में वह सामान ऑर्डर करने के बाद उसकी डिलीवरी भी लेती थी. लेकिन अक्टूबर 2023 के आसपास उसका तरीका बदल गया. इसके बाद वह सामान ऑर्डर करने और फिर किसी न किसी तरीके से उसे कैंसिल कराने लगी. धीरे-धीरे यह आदत इतनी बढ़ गई कि हजारों ऑर्डर इस प्रक्रिया का हिस्सा बन गए.

कंपनी ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग
शुएशा का कहना है कि महिला की इस हरकत का असर उन ग्राहकों पर भी पड़ा, जो वास्तव में प्रोडक्ट खरीदना चाहते थे. जब कोई सामान बार-बार बुक होकर कैंसिल होता रहा, तो दूसरे ग्राहकों को उसे खरीदने का मौका नहीं मिल पाता था. कंपनी ने इस वजह से पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, योशिदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया है. अब जापानी कानून के तहत उसके खिलाफ कथित तौर पर धोखाधड़ी के जरिए कारोबार में रुकावट डालने के मामले में कार्रवाई की जा रही है. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यहां ऑनलाइन शॉपिंग का मकसद सामान खरीदना नहीं, बल्कि सिर्फ ऑर्डर करने से मिलने वाला मानसिक सुकून बताया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply