TrendingUttar Pradesh

Sultanpur News : टीनशेड पर टूटकर गिरा बिजली का तार, चार महिलाओं समेत एक ही परिवार के 7 लोग घायल

Sultanpur News : टीनशेड पर टूटकर गिरा बिजली का तार, चार महिलाओं समेत एक ही परिवार के 7 लोग घायल

चांदा/सुलतानपुर। गुरुवार तड़के करीब चार बजे बसुही गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब घर के ऊपर से गुजर रही एलटी बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर टीनशेड पर गिर गया। तार में करंट प्रवाहित होने से एक ही परिवार के चार महिलाओं, एक बच्चे समेत सात लोग करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

सुबह तड़के बिजली का तार अचानक टूटकर टीनशेड पर गिरा तो घर में मौजूद लोग इसकी चपेट में आने लगे। करंट की चपेट में आने वालों में विनय दुबे पुत्र राममिलन दुबे , कविता दुबे पुत्री राममिलन दुबे , स्वास्तिक दुबे पुत्र मनीष दुबे , मोहित दुबे पुत्र अभयराज दुबे, मोनिका दुबे पुत्री अभयराज दुबे , सरोजा पत्नी अभयराज दुबे तथा प्रिया दुबे पत्नी मनीष दुबे शामिल हैं। 

घटना के बाद घर में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने आननफानन में ग्रामीणों को सूचना दी। करंट प्रवाहित तार के चलते कोई भी व्यक्ति तत्काल घर के पास जाने की स्थिति में नहीं था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

ग्रामीणों के अनुसार बसुही गांव के बीचोंबीच एलटी बिजली लाइन गुजरी है। तार घरों के ऊपर से होकर गुजर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन और तारों की स्थिति को लेकर पहले भी विभागीय जिम्मेदारों से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया।

बिजली विभाग से तारों को सुरक्षित कराने की मांग

हरिश्चंद्र दुबे बताया कि यदि समय रहते जर्जर  तारों को दुरुस्त करा दिया गया होता तो हादसा नहीं होता। गनीमत रही कि घटना में बड़ी जनहानि होने से बच गई। हालांकि एक ही परिवार के सात लोगों के करंट की चपेट में आने से परिजन अभी भी दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव के बीच से गुजर रही एलटी लाइन की जांच कराने और घरों के ऊपर से गुजर रहे तारों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply