
बिहार के कैमूर जिले से एक दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है जहां अधौरा थाना क्षेत्र के लेवा गांव में मंगलवार की रात एक 65 साल की बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर ऐसी दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी गई, जो इंसानियत को शर्मसार कर देने के लिए काफी है. बुधवार सुबह जब महिला का शव मिला, तो परिवार वालों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मौत से पहले उनकी मां को बेहरहमी से प्रताड़ित किया गया. आरोप है कि दरिंदों ने हद पार करते हुए उनकी एक आंख निकाल ली और गर्म लोहे की रॉड से उनका पूरा चेहरा बुरी तरह दाग दिया. इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और हर कोई गुस्से में खौल रहा है. पुलिस ने इस मामले में फौरन एक्शन लेते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है. लेकिन केस की शुरुआती जांच में जो तथ्य सामने आ रहे हैं वो बेहद चौंकाने वाले हैं.
एक आंख निकाली, गर्म लोहे से दागा चेहरा
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतका की पहचान लेवा गांव के रहने वाले नट्टू सिंह की पत्नी मुराही देवी के रूप में हुई है. बुधवार की सुबह जब उनका शव मिला, तो परिवारवालों और ग्रामीणों के होश उड़ गए. मृतका के बेटों- अवध लाल सिंह और सोना लाल सिंह का आरोप है कि उनकी मां को मौत के घाट उतारने से पहले बेहद भयानक शारीरिक प्रताड़नाएं दी गई. हैवानों ने हद पार करते हुए उनकी एक आंख बुरी तरह से निकाल ली थी और दूसरी आंख पर भी गंभीर चोट के निशान थे. इतना ही नहीं, उनके चेहरे को गर्म लोहे की रॉड से बुरी तरह दागा गया था. मृतका के शरीर पर कई गहरे जख्म के निशान भी पाए गए हैं.
6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
इस खौफनाक वारदात के बाद परिवार में मातम और पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है. बेटे अवध लाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में लीलावती देवी, उनके तीन बेटे- नंदन सिंह, राम प्रवेश सिंह और रमेश सिंह, 2 बेटियां- कबूतर कुमारी और गूंजा कुमारी शामिल हैं. पूछताछ से सामने आया कि लीलावती देवी के परिवार को मुराही देवी पर तंर्पी-मंत्र का शक था. परिवार का आरोप है कि दोनों महिलाएं उनकी बुजुर्ग मां पर भूत-प्रेत के साए और तंत्र-मंत्र जैसे अंधविश्वास के चलते हत्या की. दोनों परिवारों के बीच आपसी दुश्मनी की बात भी सामने आ रही है.
घर वालों के पीठ पीछे हुआ था कांड
बताया जा रहा है कि यह पूरा कांड उस समय हुआ, जब मंगलवार को घर के पुरुष सदस्य मवेशी चराने पहाड़ों में गए थे और महिलाएं खेतों में धान की रोपाई कर रहीं थी. पीछे से 6 आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को जबरदस्ती घर से उठाकर ले गए. जब सदस्य घर वापस लौटे तो उन्हें लगा कि पड़ोसी परिवार उनकी मां से बातचीत करने के लिए अपने साथ ले गए होंगे इसलिए तत्काल शक नहीं हुआ. लेकिन अगले दिन सुबह तक बुजुर्ग महिला घर नहीं लौटी तो पूछताछ की गई. तब सामने आया कि उनकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी गई है.
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए भभुआ के एसडीपीओ ओम प्रकाश ने मामले की पूरी जानकारी दी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से लीलावती देवी और गूंजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पुलिस हिरासत में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, वहीं बाकी बचे फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. बुजुर्ग महिला के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, घटना की गहराई से तफ्तीश करने के लिए एक विशेष फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर तमाम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वीभत्स हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इसके पीछे कौन-कौन सी साजिश रची गई थी, इसका खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा.



