पटियाला : पीएसपीसीएल की पटियाला स्थित पावर कॉलोनी के ऑफिसर क्लब में विभाग की महिला अधिकारियों और अधिकारियों की पत्नियों द्वारा तीज का त्योहार बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने पंजाबी संस्कृति और पारंपरिक रंगों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं।

समारोह के दौरान महिलाओं ने पंजाबी लोकगीतों, गिद्धा और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। तीज के पारंपरिक परिधानों और सजावट ने समारोह को और भी रंगीन बना दिया। महिलाओं ने आपसी मेलजोल, भाईचारे और पंजाबी विरासत से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।
इस अवसर पर अपनी खुशी साझा करते हुए बलजीत कौर, हरलीन कौर बराड़ और पूनम सूद ने कहा कि तीज पंजाबी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण त्योहार है। यह महिलाओं को एक साथ मिलकर खुशियां मनाने और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को एकदूसरे के साथ जुड़ने और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को करीब से महसूस करने का अवसर देते हैं। समारोह के अंत में सभी ने तीज के त्योहार की खुशियां साझा करते हुए पंजाबी संस्कृति और विरासत को संजोकर रखने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया।



