आज के समय में क्रेडिट स्कोर आपकी आर्थिक स्थिति का एक जरूरी हिस्सा है. यह तीन अंकों की संख्या होती है, जो आमतौर पर 300 से 900 के बीच होती है. देश में TransUnion CIBIL, Experian, Equifax और CRIF High Mark जैसी क्रेडिट ब्यूरो कंपनियां यह स्कोर तैयार करती हैं. आमतौर पर 750 या उससे ज्यादा का स्कोर अच्छा माना जाता है. वहीं 650 या इससे कम स्कोर कमजोर माना जा सकता है. आपका क्रेडिट स्कोर इस बात पर असर डाल सकता है कि आपको लोन कितनी आसानी से मिलेगा, ब्याज कितना लगेगा और बैंक आपको कितनी अच्छी शर्तें देगा.

कई बार आपकी गलती के बिना भी क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी दर्ज हो जाती है. ऐसी छोटी गलती भी स्कोर को नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए अपनी क्रेडिट रिपोर्ट को समयसमय पर चेक करना जरूरी है.
1. अपनी क्रेडिट रिपोर्ट रेगुलर चेक करें
लोन लेने के समय ही रिपोर्ट चेक न करें. समयसमय पर अपनी रिपोर्ट देखें. इसमें अपना नाम, पता, लोन अकाउंट, बकाया रकम, भुगतान की जानकारी और हाल की क्रेडिट जांच को ध्यान से देखें. कोई ऐसी जानकारी दिखे जिसे आप पहचानते नहीं हैं, तो तुरंत चेक करें.
2. अनजान लोन अकाउंट जरूर देखें
अगर आपकी रिपोर्ट में ऐसा पर्सनल लोन, होम लोन या कोई दूसरा क्रेडिट अकाउंट दिख रहा है जिसे आपने कभी नहीं लिया, तो इसे नजरअंदाज न करें. यह रिपोर्टिंग की गलती या धोखाधड़ी का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में क्रेडिट ब्यूरो और संबंधित बैंक या लोन कंपनी को तुरंत शिकायत करें.
3. पेमेंट हिस्ट्री चेक करें
कभीकभी समय पर EMI भरने के बावजूद रिपोर्ट में लेट पेमेंट दिख सकता है. अपनी क्रेडिट रिपोर्ट की पेमेंट हिस्ट्री को बैंक स्टेटमेंट, लोन स्टेटमेंट और भुगतान की रसीदों से मिलाएं. गलती मिलने पर उसे तुरंत ठीक करवाएं.
4. बंद लोन और डुप्लीकेट एंट्री चेक करें
अगर आपने कोई लोन पूरी तरह चुका दिया है, तो रिपोर्ट में उसका स्टेटस बंद होना चाहिए. उसमें गलत बकाया रकम या Active और Settled जैसी गलत जानकारी नहीं होनी चाहिए. यह भी देखें कि एक ही लोन की एंट्री दो बार तो नहीं दिखाई जा रही.
5. गलती मिले तो शिकायत करें और अपडेट चेक करें
गलती मिलने पर उससे जुड़े दस्तावेज और तारीखों को दोबारा चेक करें. इसके बाद क्रेडिट ब्यूरो में शिकायत दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज जमा करें. शिकायत करने के बाद उसका स्टेटस भी लगातार चेक करें. सुधार होने के बाद अपनी अपडेटेड क्रेडिट रिपोर्ट दोबारा जरूर देखें.
क्रेडिट स्कोर सुधारने के लिए हमेशा कोई बड़ा बदलाव करने की जरूरत नहीं होती. कई बार सिर्फ क्रेडिट रिपोर्ट में दर्ज गलत जानकारी को ठीक करवाने से ही स्थिति बेहतर हो सकती है. इसलिए अपनी रिपोर्ट रेगुलर चेक करें और गलती मिलने पर तुरंत ठीक कराएं.



