
मेरठ से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें एक शख्स कथिततौर पर डिलीवरी बॉय से इस कदर खफा हुआ कि उस पर हाथ छोड़ दिया। इतना ही नहीं, शख्स उसे खींचकर फ्लैट के अंदर ले गया। करीब तीन मिनट बाद डिलीवरी बॉय फ्लैट से बाहर आया। अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्या है मामला?

दावा किया जा रहा है कि यह घटना मेरठ के भावनपुर थानाक्षेत्र स्थित गंगासागर की गंगा हाइट्स बिल्डिंग की है। जहां एक शख्स ने कुछ डिलीवरी मंगाई थी, उसने फोन पर डिलीवरी बॉय से कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि शख्स ने डिलीवरी बॉय को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसे कुछ देर के अपने फ्लैट में बंद कर लिया था।
CCTV वीडियो ने किया हैरान
3.12 मिनट के वीडियो में देखा जा सकता है कि लाल रंग की टीशर्ट पहने युवक हाथ में पैकट थामे फ्लैट की डोर बेल बजाता है। एक शख्स बाहर आता है। दोनों में किसी बात पर बहस होती है और मामला गंभीर हो जाता है। फ्लैट से निकला शख्स डिलीवरी बॉय पर हाथ छोड़ देता है। दोनों की आवाज सुन फ्लैट से महिला भी बाहर आती है। युवक मैम मैम करता है.. इतने में मैडम शख्स को फ्लैट में जाने का इशारा करती है। वह युवक को लेकर फ्लैट में घुस जाता है और दरवाजा बंद हो जाता है। कुछ मिट बाद डिलीवरी बॉय को कमरे से बाहर आता है और चला जाता है।



