CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

बेटी से मिलने आया था पति, घर में हुआ विवाद… ‘तवे से सिर पर किए कई वार’, लखनऊ में मौत के बाद पत्नी पर हत्या का आरोप..

Featured Image

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में घरेलू विवाद के बाद एक ऑटो चालक की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान उसकी पत्नी ने रसोई में रखे तवे से उसके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम निवासी आशीष सोनी उर्फ शनि (40) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम की है।

बेटी से मिलने पत्नी के घर पहुंचा था आशीष

पुलिस के अनुसार, आशीष और उसकी पत्नी तपस्या काफी समय से अलग रह रहे थे। गुरुवार शाम आशीष अपनी पांच वर्षीय बेटी से मिलने जानकीपुरम स्थित पत्नी के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तपस्या ने रसोई में रखे तवे से आशीष के सिर पर कई बार हमला किया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद आशीष जमीन पर गिर पड़ा और उसकी हालत बिगड़ गई।

घटना की जानकारी तपस्या की बहन ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आशीष को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां ने पत्नी समेत छह लोगों पर लगाए आरोप

आशीष की मौत के बाद उसकी मां मिथलेश ने पुलिस को तहरीर देकर पत्नी तपस्या समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष के साथ पहले भी मारपीट की गई थी और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मृतक की मां की शिकायत के आधार पर तपस्या, आशू, प्रियंका, गोलू, शिवम और उसके जीजा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

मां के मुताबिक, आशीष गुरुवार सुबह करीब 6 बजे ई-रिक्शा लेकर काम के लिए निकला था। बाद में परिवार को जानकीपुरम थाने से उसकी मौत की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि आशीष के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसका ई-रिक्शा भी पत्नी के घर पर मिला।

2013 में हुई थी दोनों की लव मैरिज

परिजनों के मुताबिक, आशीष और तपस्या ने वर्ष 2013 में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद रहता था। उनकी एक बेटी है। बेटी के जन्म के बाद विवाद बढ़ने पर तपस्या अपनी बहन और बेटी के साथ जानकीपुरम में रहने लगी थी।

अलग रहने के बावजूद आशीष अपनी बेटी से मिलने अक्सर पत्नी के घर जाता था। गुरुवार को भी वह बेटी से मिलने पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।

तलाक को लेकर भी सामने आया अलग-अलग दावा

जानकीपुरम इंस्पेक्टर के मुताबिक, पूछताछ में तपस्या ने पुलिस को बताया कि उसका आशीष से तलाक हो चुका था। उसका आरोप है कि तलाक के बावजूद आशीष अक्सर उसके घर आकर विवाद करता था।

हालांकि, आशीष की मां ने तलाक की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनके बेटे ने उन्हें कभी यह जानकारी नहीं दी कि दोनों का तलाक हो चुका है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपों और बयानों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply