IndiaTrending

पैंट की जेब में रखा फोन हुआ ओवरहीट, पलक झपकते ही उड़े परखच्चे… ऐसे रखें अपना मोबाइल सेफ..

Featured Image

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक किसी बम की तरह फट गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक का हाथ और शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। धमाके की तेज आवाज सुनते ही स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा ग्रेटर नोएडा के दनकौर निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद माजिद के साथ हुआ। माजिद आम दिनों की तरह ही अपने मोबाइल फोन को पैंट की जेब में रखकर स्टेशन पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें अचानक जेब में तेज गर्मी महसूस हुई। जब तक वह खतरे को भांप पाते और जेब से फोन बाहर निकाल पाते, तब तक तेज धमाके के साथ फोन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि माजिद ने यह फोन महज एक महीने पहले ही खरीदा था। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने संबंधित मोबाइल कंपनी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

तकनीकी विशेषज्ञों की मानें तो आज के मॉडर्न स्मार्टफोन्स में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है, जो बेहद ज्वलनशील होती है। जब फोन को पैंट की जेब में रखा जाता है, तो वहां वेंटिलेशन न मिलने और शरीर की गर्मी के कारण फोन का तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। अगर बैकग्राउंड में कोई हैवी टास्क या ऐप चल रहा हो, तो बैटरी ओवरहीट हो जाती है। अत्यधिक गर्मी के कारण बैटरी में थर्मल रनवे की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे अंदर गैस और हीट का दबाव बनता है और बैटरी फट जाती है।

हादसे से बचने के लिए बरतें ये जरूरी सावधानियां:-
जेब में फोन गर्म हो तो तुरंत निकालें बाहर
अगर जेब में रखा फोन अचानक असामान्य रूप से गर्म होने लगे, तो उसे तुरंत बाहर निकालकर किसी खुली और ठंडी जगह पर रख दें।

बैटरी फूलने पर न करें नजरअंदाज
यदि मोबाइल का बैक पैनल या स्क्रीन उभरी हुई दिखे, तो समझें बैटरी फूल चुकी है। इसे तुरंत अधिकृत सर्विस सेंटर पर जाकर बदलवाएं।

तकिए के नीचे रखकर न करें चार्ज
रात में सोने से पहले फोन को चार्ज पर लगाकर तकिए या कंबल के नीचे न दबाएं। चार्जिंग के दौरान निकलने वाली हीट बाहर न निकल पाने के कारण ब्लास्ट का खतरा सबसे ज्यादा होता है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply