
रक्षाबंधन से पहले वडोदरा जिले के पादरा तहसील के मुजपुर गांव के रेलाईपुरा क्षेत्र में रविवार दर्दनाक हादसा सामने आया। घर के पीछे स्थित राजपीपला मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे भाई-बहन की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार को जयदीप पढ़ियार (25) अपने घर के पीछे स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसे अचानक बिजली का करंट लग गया।
मौके पर ही दर्दनाक मौत
भाई को तड़पता देखकर उसकी बहन मित्तल पढ़ियार (22) उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि जयदीप और मित्तल दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। रक्षाबंधन पर्व से पहले एक साथ भाई-बहन की मौत से मुजपुर गांव के रेलाईपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।



