CrimeIndia

खेत की कोठरी से उठा धुआं, अंदर मिला बुज़ुर्ग का जला शव… इटावा में सनसनी

इटावा:-जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम निलोई में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया.खेतों के बीच बनी एक कच्ची कोठरी से उठता धुआं जब ग्रामीणों की नजरों में आया, तो किसी ने भी नहीं सोचा था कि इसके भीतर एक बुज़ुर्ग की जली हुई लाश मिलेगी.लगभग 70 वर्षीय मुन्नालाल पुत्र लालराम का शव कोठरी के अंदर जली अवस्था में पाया गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब आठ बजे गजराज सिंह ने कोठरी से धुआं निकलते देखा.जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अंदर झांककर देखा, तो मुन्नालाल आग की चपेट में पड़े मिले.तत्काल इसकी सूचना जसवंतनगर पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी.

घटनास्थल की हालत सामान्य नहीं पाई गई. कोठरी के अंदर एक लकड़ी पर खून के साफ निशान मिले, वहीं कोठरी के बाहर भी खून फैला हुआ दिखाई दिया.इन हालातों ने पुलिस और ग्रामीणों दोनों को चौंका दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि यह हादसा था, तो खून के निशान कैसे आए? इसी कारण अब मामला आग से मौत का नहीं, बल्कि जघन्य हत्या की ओर इशारा कर रहा है.

मृतक के परिजनों के अनुसार मुन्नालाल गांव में ही रहते थे और उनका एकमात्र पुत्र गजराज खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता है.परिजनों का कहना है कि मुन्नालाल की किसी से खुली दुश्मनी नहीं थी, जिससे घटना और भी रहस्यमयी बन गई है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है.थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.फिलहाल गांव में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल में जुटी हुई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply