Trending

भारत की अगुवाई में BRICS देशों की बड़ी पहल, पर्यावरण बचाने और जलवायु संकट से निपटने पर मिलकर काम

दिल्ली। भारत की अध्यक्षता में सोमवार को ब्रिक्स पर्यावरण कार्य समूह और जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास पर संपर्क समूह के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। भारत मंडपम में आयोजित बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव तन्मय कुमार ने की। इसमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

इन चार क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

बैठक में चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इनमें सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना, वनीकरण एवं वन अग्नि प्रबंधन और आपदा निवारण, चक्रीय अर्थव्यवस्था तथा जलवायु अनुकूलन शामिल हैं। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करने के साथ सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।

पर्यावरणीय चुनौतियों में BRICS की भूमिका पर जोर

तन्मय कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में BRICS आर्थिक संवाद के मंच से आगे बढ़कर प्रदूषण, जैव विविधता के नुकसान और वैश्विक तापमान वृद्धि जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने का प्रभावशाली मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि सतत विकास, जलवायु अनुकूलन, संसाधन दक्षता, चक्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय शासन के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है।

‘मानवता को प्राथमिकता’ भारत की अध्यक्षता

तन्मय कुमार ने कहा कि भारत की BRICS अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानवता को प्राथमिकता देने वाले जनकेंद्रित वैश्विक सहयोग के दृष्टिकोण से प्रेरित है। इस वर्ष की थीम ‘सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ इसी भावना को दर्शाती है। बैठक में बताया गया कि भारत की अध्यक्षता शुरू होने के बाद सदस्य देशों के बीच अब तक 21 वर्चुअल विषयगत एवं वार्ता बैठकें, 10 द्विपक्षीय परामर्श, दो विषयगत संवाद और दो तकनीकी वेबिनार आयोजित किए जा चुके हैं।

BRICS पर्यावरण मंत्रियों की बैठक

BRICS सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भारत के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारस्परिक सम्मान, विश्वास और आम सहमति पर आधारित वातावरण में प्राथमिकता वाले मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। BRICS पर्यावरण मंत्रियों की 12वीं बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित होगी।

ये भी पढ़े : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply