IndiaPunjabTrending

कर्मचारियों से वादाखिलाफी पर भड़के वड़िंग, बोले- पुरानी पेंशन और DA का वादा पूरा करे सरकार

चंडीगढ़.

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सरकारी कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने और उनकी आवाज दबाने के लिए सरकारी ताकत का इस्तेमाल करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया है।

कांग्रेस के ‘योद्धाओं के साथ सेशन2’ के दौरान वड़िंग ने कर्मचारियों को डीए और पुरानी पेंशन स्कीम नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस हक की लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ी है। वड़िंग ने कहा कि राज्य सरकार एक तरफ राज्य के पास पर्याप्त पैसा होने का दावा करती है, जबकि दूसरी ओर कर्मचारियों को डीए देने के लिए धन की कमी बताती है। उन्होंने हाई कोर्ट के डीए संबंधी आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाया।

सरकार बनाने में कर्मचारियों की भूमिका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों ने आम आदमी पार्टी को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सरकार ने सत्ता में आने से पहले उनसे कई वादे किए, लेकिन बाद में उन्हें भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, सफाई कर्मचारी, शिक्षक और पीएसपीसीएल कर्मचारी समेत विभिन्न वर्ग सरकार के रवैये से परेशान हैं।

ओपीएस लागू न होने का दावा
वड़िंग ने पुरानी पेंशन योजना को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि आप सरकार ने ओपीएस लागू करने का वादा किया और नोटिफिकेशन भी जारी किया, लेकिन इसे जमीन पर लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ओपीएस लागू की है। वड़िंग ने आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब की सरकारें विरोध की आवाजों को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर रही हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply