TrendingUttar Pradesh

Sitapur News : डीएम साहब… महमूदाबाद नगर पालिका में फर्जी कर्मचारियों के नाम पर सरकारी धन की बंदरबांट? समाधान दिवस में पहुंची शिकायत से मचा हड़कंप

सीतापुर, अमृत विचार : साहब! नगर पालिका में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के नाम पर फर्जी भुगतान और कर्मचारियों की संख्या में गड़बड़ी की गयी है।  वास्तविक संख्या से अधिक कर्मचारियों का भुगतान दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। ये शिकायत शनिवार को महमूदाबाद तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मोहल्ला शहजानी निवासी दिलीप मिश्रा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए की।

नगर पालिका भवन पर कर्मचारियों की सूची चस्पा की गई थी, जिसमें 167 कर्मचारियों के नाम दर्ज हैं। आरोप है कि वास्तविक भुगतान इससे कहीं अधिक कर्मचारियों के नाम पर किया जा रहा है। दावा ये भी किया कि नगर पालिका में प्रतिमाह लगभग 27 लाख रुपये आउटसोर्सिंग मद में खर्च किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी फुटेज और अभिलेखों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम ने ईओ से जानकारी ली।

एसडीएम को जांच करने निर्देश भी दिये। इस दौरान एसपी अंकुर अग्रवाल, एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव, तहसीलदार उमा शंकर त्रिपाठी समेत अन्य विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे। उधर, जनपद की सभी सात तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं।

नोटिस के बाद भी जारी निर्माण

मोहल्ला कटरा निवासी जावेद ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि नगर पालिका परिषद की ओर से निर्माण कार्य रोकने का नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भवन पर तीसरी मंजिल का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि बिना स्वीकृत नक्शे के हो रहा निर्माण आसपास के लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसे में डीएम ने मातहतों को सख्त निर्देश दिये।

साहब… स्कूल जाने वाला रास्ता बनवा दीजिए

नंदलालपुरवा मजरा सुहेला स्थित श्रीकृष्ण प्यारेलाल बाल विद्या मंदिर के प्रबंधक ने सहबाजपुरसुहेला मार्ग की बदहाली की शिकायत डीएम से की। उन्होंने बताया कि इसी रास्ते से बच्चे विद्यालय आतेजाते हैं, लेकिन गड्ढों और जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बावजूद मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया है। इस समस्या पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के जेई से जल्द ही मार्ग का सर्वे करने के साथ ही समाधान को निर्देशित किया।

एसपी की गाड़ी के आगे बैठा दिव्यांग, बोला साहब, नौकरी चली जाएगी

बकहुंवा निवासी दिव्यांग अनूप कुमार ने अपनी समस्या को लेकर अनोखा विरोध जताया। वह एसपी की गाड़ी के सामने सड़क पर बैठ गया और जिद करने लगा कि जिलाधिकारी बाहर आकर उसकी फरियाद सुनें। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद उसे समझाकर सभागार तक पहुंचाया। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अनूप ने आरोप लगाया कि उसकी नौकरी के केवल दो दिन शेष बचे हैं, लेकिन उसके अभिलेखों में जन्मतिथि गलत दर्ज है।

ः 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply