
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हुए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खोंडारे थाना क्षेत्र के औसानी बुजुर्ग स्थित नॉलेज बीम अकादमी में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बुर्का पहनकर अलग-अलग गानों पर डांस किया। इस डांस का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, वीडियो वायरल होने और लोगों के विरोध के बाद स्कूल के प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने अपना एक वीडियो संदेश जारी कर मामले पर सफाई दी। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगते हुए कहा कि उनका या छात्राओं का मकसद केवल मनोरंजन करना था, किसी भी समुदाय की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की गलती कभी नहीं दोहराई जाएगी।
बताया जा रहा है कि प्रबंधक रामकृष्ण मौर्या ने वीडियो में स्पष्ट किया कि मंच पर नकाब/बुर्का पहनकर डांस करने वाली सभी लड़कियां हिंदू थीं और उनमें कोई भी मुस्लिम छात्रा शामिल नहीं थी। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अगर इस प्रस्तुति से किसी मुस्लिम भाई या अन्य समुदाय के व्यक्ति को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए बार-बार और सहर्ष क्षमा मांगने के लिए तैयार हैं। फिलहाल यह मामला इलाके में काफी चर्चा में बना हुआ है।



