IndiaUttar Pradesh

3 रुपये के विवाद में ली थी 13 साल के बच्चे की जान, मिट्टी का तेल डालकर जिन्दा जलाया था… 16 साल बाद महिला को उम्रकैद

Kanpur Dehat murder case: कानपुर देहात में 16 साल पुराने सनसनीखेज हत्याकांड में अदालत ने दोषी महिला को उम्रकैद की सजा सुनाई है. मामला महज तीन रुपये के विवाद से जुड़ा था. बिस्कुट खरीदने गए 13 वर्षीय बच्चे पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप महिला पर लगा था. इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई थी. मंगलवार को एडीजे चतुर्थ की अदालत ने महिला को दोषी मानते हुए उम्रकैद और 11 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई.

मामला अकबरपुर क्षेत्र के घारमपुर गांव का है, जो अब रनिया थाना क्षेत्र में आता है. 16 अगस्त 2010 को 13 वर्षीय संदीप पड़ोस में रहने वाली ममता की दुकान पर बिस्कुट लेने गया था. संदीप ने दुकानदार को पांच रुपये का नोट दिया और दो रुपये का बिस्कुट मांगा. तीन रुपये वापस मांगने पर ममता ने पैकेट की कीमत पांच रुपये बताई.

मृतक के चाचा ने कराई थी हत्या की रिपोर्ट दर्ज

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान ममता ने संदीप पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी. आग में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. घटना के बाद संदीप के चाचा ने ममता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर विवेचना पूरी की और 20 सितंबर 2012 को अभियुक्ता के खिलाफ आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया.

16 साल तक मामले की सुनवाई चली

इसके बाद करीब 16 साल तक मामले की सुनवाई चलती रही. मंगलवार को एडीजे चतुर्थ की अदालत ने ममता को हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई. अदालत ने दोषी महिला पर 11 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया. मामले में पुलिस, कोर्ट पैरोकार, अभियोजन पक्ष और मॉनिटरिंग सेल की ओर से लगातार प्रभावी पैरवी की गई. लंबे इंतजार के बाद आए फैसले से 13 साल के संदीप को इंसाफ मिलने से परिजनों के लिए बड़ी राहत बनी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply