CrimeDelhiIndiaTrendingUncategorized

दिल्ली में 5 दिन सड़ती रही पिता की लाश, थोड़ी दूर रह रहे 2 बेटों ने नहीं ली सुध.?

लोग जीवन भर अपने बच्चों का भविष्य संवारने के लिए जद्दोजहद करते रहते हैं, पाई-पाई जोड़कर घर बनाते हैं और धन जमा करते हैं… लेकिन जब बच्चे बड़े होकर अपने माता पिता को उनके हाल पर छोड़ देते हैं तब बुजुर्गों का दर्दनाक अंत समाज को झकझोर कर रख देता है। दिल्ली के कालकाजी इलाके में एक ऐसी ही झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। इलाके में 75 वर्षीय एक बुजुर्ग संगीतकार की लाश 5 दिन तक घर में सड़ती रही लेकिन दो बेटों ने उनकी सुध नहीं ली।

तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस

पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 75 वर्षीय बुजुर्ग संगीतकार रवि डे अपने घर पर अकेले रहते थे। 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे कालकाजी थाना पुलिस को गोविंदपुरी एक्सटेंशन स्थित मकान से तेज बदबू आने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि कमरे से जब बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को कॉल किया। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो लोहे का गेट भीतर से बंद था। दमकल विभाग की मदद से दरवाजा खुलवाया गया।

बाथरूम के पास पड़ी थी लाश

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मी जब घर के भीतर दाखिल हुए तब बाथरूम के गेट के पास रवि डे की लाश पड़ी थी। यह लाश 75 वर्षीय बुजुर्ग संगीतकार रवि डे की थी। लाश पूरी तरह सड़ चुकी थी और उसमें कीड़े पड़ गए थे। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीमों को भी बुलाया। क्राइम और फोरेंसिक कर्मियों ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने बनाया दबाव तब आए बेटे

पुलिस टीम ने पड़ोसियों से जानकारी ली तो पता चला कि लाजपत नगर में रहने वाले रवि डे के दो बेटे भी हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों बेटों को फोन के जरिए पिता के अब इस दुनिया में नहीं रहने की सूचना दी। हैरानी की बात यह कि दोनों ही बेटों ने रात में आने से ही इनकार कर दिया। इतना ही नहीं दोनों बेटे अगले दिन तक नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने दोनों बेटों को फोन पर ही समझाया और उनके कर्तव्य के बारे में याद दिलाते हुए उन पर दबाव बनाया।

टूटते रिश्तों की भयावह तस्वीर

बाद में पुलिस के समझाने पर 16 अगस्त को दोनों बेटे एम्स की मॉर्चरी पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पिता की लाश दोनों के हवाले कर दी। इसके बाद बुजुर्ग का दाह संस्कार हुआ। पुलिस के मुताबिक, बेटों का कहना था कि उनके माता-पिता का तलाक हो चुका था। दोनों ने काम में व्यस्त होने का भी हवाला दिया। उनका कहना था कि बिजी होने के कारण बीते कुछ दिनों से पिता से संपर्क नहीं हो पाया था। यह घटना टूटते रिश्तों की भयावह तस्वीर पेश करती है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply