
नोएडा: सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के हिंडन बिहार में बुधवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक शख्स ने पिता की गोद से 10 महीने के बच्चे को कथित तौर पर अगवा करने की कोशिश की। बच्चे को छीनने की कोशिश होते ही पिता ने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस को दी शिकायत में गोपाल शाही ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी गोद में मौजूद 10 महीने के बच्चे को छीनने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से दोनों घबरा गए और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और बाद में उसे सेक्टर-49 थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना की पूरी जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



