Mumbai Crime News: एक सनसनीखेज वारदात महाराष्ट्र के मुंबई से सामने आई है. घाटकोपर इलाके में 35 वर्षीय महिला सपना घांजी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज साजिश का भंडाफोड़ किया है. शुरुआती जांच में जिसे बाथरूम में गिरकर हुई मौत बताने की कोशिश की गई थी, वह वास्तव में एक सोचीसमझी हत्या निकली. पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला की 65 वर्षीया सास धनलक्ष्मी घांजी और उसकी घरेलू सहायिका मंगला जाधव, उसके पति सुरेश, 21 साल की बेटी शिवानी और 19 साल के बेटे साजन को गिरफ्तार कर लिया है. सास ने अपनी बहू की हत्या के लिए मेड और उसके परिवार को 3 लाख रुपये का लालच दिया था.

सोमवार रात सपना के मायके वालों को सूचना दी गई कि वह बाथरूम में फिसलकर गिर गई है और इनलॉज उसे तुरंत अस्पताल ले गए हैं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जब घाटकोपर के पंत नगर पुलिस स्टेशन की टीम अस्पताल पहुंची, तो उन्हें मृतका के शरीर पर चोटों के निशान मिले. सपना की गर्दन के चारों ओर नीलेकाले रंग के निशान साफसाफ दिख रहे थे. उसके सिर के बाएं हिस्से से खून बह रहा था.
शुरुआती पूछताछ में सास धनलक्ष्मी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की कि सपना शराब के नशे में थी और बाथरूम में गिर गई. बाद में कड़ाई से पूछताछ करने पर सास ने दावा किया कि दोनों के बीच बहस हुई थी और उसने धक्का दे दिया, जिससे गिरकर सपना की मौत हो गई.
हालांकि, चोटों की प्रकृति को देखकर पुलिस को शक हुआ कि किसी कठोर सतह पर उसका सिर पटका गया है. मृतका के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने सास धनलक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया.
3 लाख की सुपारी और खौफनाक तरीके से हत्या
डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, जब तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स की जांच की गई तो हैरान करने वाला सच सामने आया. सपना इस साल की शुरुआत में अपने पति और बेटे के साथ दुबई गई थी और जून में छुट्टियों के लिए लौटी थी . लौटने के बाद उसका सास से विवाद होने लगा. सास को शक था कि बहू शराब की आदी है और उसका एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर है. इसके अलावा, सपना ने 2024 में नालासोपारा पुलिस स्टेशन में ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज कराया था.
रविवार दोपहर को अंजाम दी गई वारदात
सास ने सपना की हत्या के लिए घर में काम करने वाली मेड मंगला जाधव को चुना और उसे 3 लाख देने का वादा किया. इस साजिश में मंगला का पति, बेटा और बेटी भी शामिल हो गए. रविवार दोपहर सास धनलक्ष्मी झगड़ा सुलझाने के बहाने सपना के घर पहुंची और मेड मंगला तथा उसके तीन परिजनों को चुपके से घर के अंदर एंट्री दे दी. सपना उस समय शराब के नशे में थी. आरोपियों ने सबसे पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका. इसके बाद कांच के ग्लास से उसके सिर पर जोर से हमला किया. फिर दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया.
जब इतने पर भी सपना की सांसें चल रही थीं, तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पर पैर रखकर उसे मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शव को बाथरूम में रखकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया.



