TrendingUttar Pradesh

Raebareli News : मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर नगर पालिका ने कसी कमर, कार्यक्रम स्थल और मार्गों का निरीक्षण

रायबरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री अमर सेनानी राणा बेनी माधव बक्श सिंह की 222वीं जयंती समारोह में शामिल होने के लिए रायबरेली आएंगे। कार्यक्रम के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद की टीम ने कार्यक्रम स्थल और निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान साफसफाई, सड़कों के गड्ढे, जलभराव, नालियों की सफाई, वाल पेंटिंग समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान जहां भी कमियां मिलीं, उनके तत्काल निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण नजर आए।

नगर पालिका प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल के साथ ही मुख्यमंत्री के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सड़कों की स्थिति सुधारने, जलभराव की समस्या दूर करने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान लेखाकार गिरीश बहादुर सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रवि शेखर सिंह व संतोष कुमार सिंह, अवर अभियंता प्रियंका यादव, प्रधान लिपिक आशुतोष सिंह तथा स्वास्थ्य लिपिक अजय त्रिवेदी मौजूद रहे।

राणा बेनी माधव जयंती पर पौधरोपण

रायबरेली। अमर सेनानी राणा बेनी माधव बक्श सिंह की 222वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को राणा बेनी माधव बक्श सिंह सभागार परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। स्मारक समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व तथा डॉ. रवि प्रताप सिंह के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट राम औतार ने समिति के सदस्यों के साथ पौधे लगाए। समिति अध्यक्ष ने बताया कि परिसर में पाम, कचनार और फाइकस के पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि सभागार का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और 24 अगस्त को इसका लोकार्पण होगा। इस मौके पर समिति के संरक्षक इन्द्रेश विक्रम सिंह समेत डॉ. शशिकांत शर्मा, महेंद्र अग्रवाल, एसपी सिंह, अभिषेक विक्रम सिंह, राजेंद्र बहादुर सिंह राजन, अशोक कुमार सिंह, दुर्गेश मिश्रा आदि ने पौधरोपण किया।

ये भी पढ़े : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply