CrimeIndia

लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: ICICI बैंक की महिला अफसर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, पति ने खुद भी किया सुसाइड

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके गोमतीनगर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. गोमतीनगर थाने के महज कुछ ही दूरी पर स्थित ICICI बैंक के बाहर दिनदहाड़े एक महिला बैंक अधिकारी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है, जो ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं.

दिव्या मिश्रा उत्तर प्रदेश की मशहूर पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं. हत्या की इस खौफनाक वारदात को दिव्या के पति मानस ने अंजाम दिया, जिसने बाद में खुद भी सुसाइड कर लिया. जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा गुरुवार सुबह रोज की तरह समय पर गोमतीनगर स्थित अपने बैंक पहुंची थीं और अंदर अपना कामकाज कर रही थीं. सुबह बैंक पहुंचने के कुछ ही देर बाद दिव्या के मोबाइल पर एक कॉल आया. फोन करने वाले ने उन्हें बैंक से बाहर आने को कहा.

एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, आरोपी पति बाहर अकेले ही खड़ा था और उसके दोनों हाथों में पिस्टल थी. जैसे ही दिव्या बैंक के गेट से बाहर आईं, आरोपी ने पहले उनसे कुछ बात करने की कोशिश की. जब दिव्या ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ने लगीं, तो आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ 2 गोलियां दाग दीं.

गोली लगते ही दिव्या खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं. दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से बैंक परिसर और आसपास के इलाके में भारी अफरातफरी और भगदड़ मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत एक ऑटो में सवार होकर मौके से फरार हो गया.

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी पति ने भी किया सुसाइड

गंभीर रूप से घायल दिव्या मिश्रा को आननफानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

उधर वारदात के बाद फरार आरोपी पति मानस ने भी खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. पुलिस जांच में सामने आया है कि पतिपत्नी के बीच काफी समय से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था. मामला इतना बढ़ चुका था कि बात कोर्ट तक पहुंच गई थी और तलाक की अर्जी दाखिल की जा चुकी थी. इसी रंजिश और विवाद के चलते पति ने इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया.

थाने के बगल में वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरी घटना का सबसे गंभीर पहलू यह है कि यह दुस्साहसिक वारदात गोमतीनगर पुलिस थाने के बिल्कुल बगल में हुई. इतने हाईसिक्योरिटी जोन और पुलिस स्टेशन के पास दिनदहाड़े गोलियां चलने और हत्या होने से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने क्राइम सीन को सील कर दिया है और बैंक व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स के जरिए भी पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply