TrendingUttar Pradesh

Sultanpur News : अब नए लुक में चमकेगा ऐतिहासिक चौक घंटाघर! 34 लाख से होगा कायाकल्प, लगेंगी डिजिटल घड़ियां और फसाड लाइटें

सुलतानपुर, अमृत विचार: शहर की पहचान और ऐतिहासिक धरोहर चौक घंटाघर जल्द ही नए कलेवर में नजर आएगा। नगर पालिका परिषद ने इसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की मौजूदगी में लखनऊ से पहुंची इंजीनियर, इलेक्ट्रिशियन और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने घंटाघर का निरीक्षण किया।

34 लाख रुपये से बदलेगा घंटाघर का स्वरूप

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि घंटाघर का आखिरी बार वर्ष 200708 में सौंदर्यीकरण कराया गया था। वर्तमान में भवन की मरम्मत के साथ पुरानी घड़ियों को बदलने की जरूरत है। करीब 34 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्य में चारों दिशाओं में लगी पुरानी घड़ियों को हटाकर नई डिजिटल घड़ियां लगाई जाएंगी।

इसके अलावा आधुनिक फसाड लाइटों से घंटाघर को रोशन किया जाएगा और भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न त्योहारों और पर्वों पर घंटाघर की विशेष सजावट कराई जाती है। नए स्वरूप में तैयार होने के बाद इसकी खूबसूरती और बढ़ेगी।

20 सितंबर तक कार्य पूरा करने के निर्देश

पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव और अन्य त्योहारों को देखते हुए समस्त कार्य 20 सितंबर तक पूरा करा लिया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज, सहायक अभियंता संतोष कुमार, अवर अभियंता नीलम कुमारी, मार्ग प्रकाश विभाग के अजय तिवारी, सुनील श्रीवास्तव, हनुमान सिंह सहित विशेषज्ञ टीम मौजूद रही।

 

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply