
एलियंस मौजूद हैं या नहीं, यह सवाल दशकों से दुनिया भर में बहस का विषय बना हुआ है. कुछ लोग दृढ़ता से मानते हैं कि धरती के बाहर जीवन है और सरकारें सच्चाई छिपा रही हैं. कुछ इसे पूरी तरह काल्पनिक बताते हैं. अब एक बार फिर इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है. एक साइंटिस्ट ने दावा किया है कि अमेरिका के पास चार अलग-अलग तरह के एलियंस की बॉडी हैं. ये बॉडी क्रैश हुए यूएफओ यानी अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स से बरामद की गई बताई जा रही हैं.
डॉ. एरिक डेविस नाम के इस व्यक्ति ने कहा है कि वे क्लासिफाइड यानी गोपनीय सबूत देख चुके हैं. उनके अनुसार कम से कम चार प्रजातियों के गैर-मानव जीवों के अवशेष अमेरिकी सैन्य संस्थानों में रखे गए हैं. वे अब पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इम्युनिटी यानी कानूनी सुरक्षा मांग रहे हैं ताकि नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट तोड़कर सच्चाई दुनिया के सामने रख सकें.
किए कई खुलासे
डॉ. डेविस डिस्क्लोजर फाउंडेशन से जुड़े हैं और खगोल भौतिकी तथा डिफेंस इंटेलिजेंस के विशेषज्ञ बताए जाते हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने टॉप सीक्रेट रिकॉर्ड्स, फोटोग्राफ्स और वैज्ञानिक रिपोर्ट्स देखी हैं. उनके मुताबिक सबूत इतने ठोस हैं कि इनकार नहीं किया जा सकता. लेकिन मौजूदा नियमों की वजह से वे खुलकर नहीं बोल सकते. इसलिए वे व्हाइट हाउस से एनडीए माफ करने की मांग कर रहे है.
चार तरह के हैं एलियंस
उन्होंने चार प्रजातियों का विस्तार से जिक्र किया. पहली हैं क्लासिक “ग्रे” एलियंस. ये पतले शरीर वाले, भूरे रंग की त्वचा वाले मानव जैसे जीव बताए जाते हैं. स्टीवन स्पिलबर्ग की फिल्म क्लोज एन्काउंटर्स ऑफ द थर्ड काइंड में दिखने वाले एलियंस से मिलते-जुलते है. दूसरी प्रजाति “नॉर्डिक्स” है – लंबे, गोरे और आकर्षक दिखने वाले जीव. तीसरी हैं “इंसेक्टॉइड” जो विशाल प्रार्थना करने वाले मेंटिस यानी आंतक के कीड़े जैसी आकृति वाले बताए गए हैं. चौथी प्रजाति “रेप्टिलियंस” है जिनका शरीर छिपकली या सरीसृप जैसा वर्णित किया गया है. डॉ. डेविस ने कहा कि गवाह अक्सर “ऑन्टोलॉजिकल शॉक” यानी अस्तित्व संबंधी झटके का अनुभव करते हैं जब वे इन जीवों को देखते हैं. दिमाग परिचित जानवरों की विशेषताओं से जोड़कर समझने की कोशिश करता है. यही वजह है कि रिपोर्ट्स में अलग-अलग आकार और रूप सामने आते हैं. यह दावा यूएफओ और यूएपी (अनआइडेंटिफाइड एनोमलस फेनोमेना) को लेकर चल रही व्यापक चर्चा का हिस्सा है.
कुछ तो छिपा रहा अमेरिका
पिछले कुछ वर्षों में अमेरिकी कांग्रेस में भी इस विषय पर सुनवाइयां हुई है. कुछ पूर्व सैन्य अधिकारियों और इंटेलिजेंस अधिकारियों ने गवाही दी कि अनजान वस्तुएं आसमान में देखी गई. पेंटागन ने कुछ रिपोर्ट्स जारी कीं जिनमें कई मामले अज्ञात बताए गए. लेकिन एलियंस की बॉडी या क्रैश रिकवरी के ठोस सार्वजनिक सबूत अभी तक सामने नहीं आए हैं. सरकारें आम तौर पर ऐसे दावों पर चुप्पी साध लेती हैं या इनकार करती हैं. आधिकारिक रुख यह रहता है कि कोई पुष्टि नहीं हुई है. फिर भी डिस्क्लोजर आंदोलन के समर्थक कहते हैं कि सच्चाई छिपाई जा रही है. डॉ. डेविस का यह बयान उसी मांग को दोहराता है. वे कह रहे हैं कि अब समय आ गया है कि जनता को बताया जाए.



