गॉल टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 10 की बढ़त बना ली। मानव सुथार ने मैच में 10 विकेट झटके, जबकि देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की पारी ने भारत की जीत की नींव रखी।

IND vs SL 1st Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका दौरे का जीत के साथ आगाज किया है। टीम इंडिया ने गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंका को 165 रनों से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 10 की बढ़त हासिल कर ली है। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए भी खास रहा, क्योंकि यह उसका 600वां टेस्ट मैच था।
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में मेजबान टीम की दूसरी पारी 206 रनों पर सिमट गई। भारत की इस जीत के हीरो स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने पूरे मैच में 10 विकेट झटककर श्रीलंकाई बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। पहली पारी में 167 रन की शानदार पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
IND vs SL: मानव सुथार ने गेंद से किया कमाल
गॉल टेस्ट में भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो मानव सुथार रहे। उन्होंने दोनों पारियों में कुल 10 विकेट झटके। पहली पारी में 4 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में उन्होंने 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। खास बात यह रही कि दूसरी पारी में उनके आखिरी 10 गेंदों में 4 विकेट आए और श्रीलंका की पारी 206 रन पर सिमट गई। टेस्ट क्रिकेट में यह मानव सुथार का पहला 10 विकेट हॉल है। इससे पहले उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में 7 विकेट चटकाए थे।
Smiles all around in Galle! 😊
📽️ Reactions after #TeamIndia took a 10 lead after a splendid win in the 1st #SLvIND Test 👌👌 pic.twitter.com/zWfX9WKOAm
— BCCI August 19, 2026
IND vs SL: भारत ने दिया था 372 रन का लक्ष्य
भारतीय टीम ने पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल की शानदार 167 रनों की पारी के दम पर 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई। इसके बाद भारत की दूसरी पारी 193 रन पर खत्म हुई और मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य था। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज इस बड़े लक्ष्य का पीछा नहीं कर सके और पूरी टीम 206 रन पर ऑलआउट हो गई।
IND vs SL: श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने किया निराश
372 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। टीम 77.4 ओवर में 206 रन ही बना सकी। सोनल दिनुशा ने 84 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 59 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का ज्यादा देर तक सामना नहीं कर सका और टीम को 165 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी।
IND vs SL: 9 साल बाद श्रीलंका में जीता टेस्ट
भारत की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम इंडिया ने श्रीलंका की धरती पर 9 साल बाद टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले भारत ने अगस्त 2017 में पल्लेकेले में श्रीलंका को हराया था। वहीं, श्रीलंका में यह भारत की टेस्ट क्रिकेट में लगातार छठी जीत है। अगस्त 2015 से टीम इंडिया श्रीलंका को उसी की धरती पर लगातार मात देती आ रही है। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 10 की बढ़त बना ली है।



