IndiaTrending

पुराना घर है तो क्या हुआ, इस तरह करें सजावट कि अंदर से लगे नया जैसा..

Featured Image

अक्सर लोगों को लगता है कि पुराने घरों को नया जैसा नहीं बनाया जा सकता है। क्योंकि पहले के समय में बने घरों के डिजाइन आज के मॉडर्न डिजाइन से काफी अलग होते हैं। अक्सर लोग पुराने घर को तोड़कर नया घर बनवाने की सोचते हैं या किसी दूसरे घर में शिफ्ट होने का विचार करते हैं। लेकिन कुछ ऐसे तरीके हैं, जिनकी मदद से आप अपने पुराने घर को भी बिना तोड़फोड़ किए अंदर से नया जैसा बना सकते हैं। आइए जानते हैं किस तरह पुराने घर को नया जैसा सजाया जा सकता है।

1- दीवारों को दें नया लुक

आप अपने पुराने घर को नया जैसा लुक देने के लिए सबसे आसान तरीकों में से एक दीवारों के रंग में बदलाव कर सकते हैं। अगर घर छोटा या कम रोशनी वाला है तो क्रीम, ऑफ-व्हाइट, हल्का बेज या हल्का पीला जैसा रंग चुनें। इससे कमरा खुला और रोशन दिखाई देता है। आप चाहें तो आमने-सामने की दो दीवारों पर अलग-अलग रंग का पेंट करवा सकते हैं, इससे कमरा थोड़ा आकर्षक लगता है।

2- दरवाजे और खिड़कियों को दें नया रंग

आप जिन पुराने दरवाजों और खिड़कियों को बदलने की सोच रहे हैं वही आपके घर की खूबसूरती बढ़ाने में मदद कर सकते हैं और आपकी पुरानी वस्तु वैसे की वैसे बनी रहेगी। अगर दरवाजे और खिड़कियां खराब नहीं हैं तो इन पर आप मैट फिनिश या प्राकृतिक लकड़ी की पॉलिश करवाकर क्लासिक लुक दे सकते हैं।

3- फर्श का नया लुक कैसे दें

अगर आपके घर का फर्श काफी पुराना हो चुका है तो उसे तोड़कर नया बनवाने के बजाय कुछ हिस्सों में विनाइल फ्लोरिंग, लैमिनेट या नए टाइल्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर पुरानी टाइलें खराब नहीं हुई हैं तो आप उनकी सफाई कर, ग्राउट की मरम्मत कर एक खूबसूरत कालीन या दरी बिछाकर फर्श की रूपरेखा बदल सकते हैं।

4- लाइटिंग से घर को बनाएं आकर्षक

आप अपने पुराने जमाने के घर को क्लासिक लुक देने के लिए लाइटिंग का काम करवा सकते हैं। किसी भी कमरे या जगह को खूबसूरत बनाने में बेहतर लाइटिंग अहम भूमिका निभा सकती है। आप सोफे के पास फ्लोर लैंप, साइड टेबल पर टेबल लैंप, दीवार पर वॉल लाइट और तस्वीरों या सजावटी वस्तुओं के लिए सॉफ्ट लाइट लगा सकते हैं। इससे घर आकर्षक लगता है और लुक काफी हद तक बदल जाता है। पीली या वॉर्म लाइट पुराने लकड़ी के फर्नीचर और दीवारों के साथ अच्छी लग सकती है।

5- फर्नीचर को नया कैसे बनाएं

अगर आपके घर में पुरानी कुर्सी, मेज, सोफा या अलमारी है तो, इनमें थोड़े बदलाव करके विंटेज लुक दिया जा सकता है। अगर ये चीजें ज्यादा खराब नहीं हुई हैं, तो इनका लुक आसानी से बदला जा सकता है। पुरानी लकड़ी की अलमारी और अन्य चीजों को नई पॉलिश, नए हैंडल और अंदर नए रैक लगवाकर नया लुक दिया जा सकता है। सोफे पर नया कवर और कुछ कुशन रख देने से भी लुक बदल सकता है।

6- शीशे से बढ़ाएं घर की खूबसूरती

आजकल नए घरों में बड़े शीशे का चलन बढ़ गया है। यह जगह को खुला और आकर्षक बनाने में मदद करता है। आप अपने पुराने घर के किसी कमरे की दीवार पर एक बड़े आकार का शीशा लगवा सकते हैं। शीशे को और आकर्षक बनाने के लिए उसके किनारे वॉर्म लाइट लगवा सकते हैं। आप अपने पुराने घर के लिए लकड़ी के फ्रेम वाला बड़ा शीशा चुन सकते हैं।

7- तस्वीरों का कमाल

घर की किसी दीवार को आप गैलरी वॉल के रूप में बदल सकते हैं। इसमें परिवार की तस्वीरों के साथ पेंटिंग, किसी लोक कला की तस्वीर, पुराने शहरों की तस्वीरों और ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफ से पूरे कमरे का लुक बदल सकते हैं।

इस तरह आप कम बजट में भी बिना तोड़फोड़ किए अपने पुराने घर को आधुनिक और आकर्षक लुक दे सकते हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply