Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे पर बारिश के बीच सड़क की हालत एक बार फिर खराब हो गई है। करीब 700 मीटर हिस्से में जगहजगह लंबी दरारें दिखाई दी हैं और सड़क पर व्हील ट्रैक भी बन गए हैं। हालात को देखते हुए कानपुर से लखनऊ जाने वाली दो लेन को बंद कर मरम्मत का काम शुरू किया गया है। इसके चलते एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।

एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने और क्षतिग्रस्त होने की यह पहली घटना नहीं है। करीब 16 दिन पहले इसी इलाके में लगभग 200 मीटर सड़क धंस गई थी। अब उसी क्षेत्र में दोबारा दरारें आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता के साथसाथ एक्सप्रेसवे के ड्रेनेज सिस्टम पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रात में ही शुरू कर दी गई मरम्मत
बुधवार रात सड़क के करीब 100 मीटर हिस्से में धंसाव और दूसरी खामियां सामने आईं। इसके बाद निर्माण एजेंसी PNC ने रात में ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 600 मीटर अतिरिक्त हिस्से में भी काम शुरू कराया गया।
मरम्मत के दौरान सड़क की ऊपरी परत को हटाकर डामर और गिट्टी निकाली जा रही है। इसके बाद नई परत बिछाई जा रही है। फिलहाल कानपुर से लखनऊ जाने वाली दो लेन बंद हैं और वाहनों को एक लेन से निकाला जा रहा है। करीब डेढ़ किलोमीटर के डायवर्जन के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है।
उद्घाटन के 12 दिन बाद ही सामने आई थी पहली समस्या
लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने की पहली बड़ी घटना लोकार्पण के महज 12 दिन बाद 25 जुलाई को सामने आई थी। किलोमीटर संख्या 64.4 पर कोरारी और अड़ेरुआ गांव के बीच सड़क धंस गई थी। उस समय आननफानन में पैचवर्क कर सड़क को ठीक किया गया था।इसके कुछ ही दिन बाद 5 अगस्त की रात इसी इलाके में करीब 200 मीटर सड़क फिर धंस गई। लगातार सामने आ रही इन समस्याओं के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे और करीब एक सप्ताह तक मरम्मत का काम चलता रहा। अब किलोमीटर संख्या 61.4 से 63 के बीच फिर सड़क पर दरारें दिखाई दी हैं। करीब तीन मीटर हिस्से में व्हील ट्रैक बनने की भी जानकारी सामने आई है।
ये भी पढ़ें:
बारिश के बाद कई जगह मिट्टी भी कटी
एक्सप्रेसवे पर समस्या सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं है। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क के किनारे की मिट्टी भी कट गई है। किलोमीटर संख्या 54 पर मंगतखेड़ा अंडरपास के पास रेन कट के कारण करीब 20 फीट मिट्टी बह गई। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले भी इसी जगह मिट्टी धंसी थी, जिसके बाद मरम्मत कराई गई थी। लेकिन बुधवार रात हुई बारिश के बाद एक बार फिर मिट्टी कट गई। इससे सड़क के आसपास धंसाव का खतरा बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें:
PNC बोली जहां कमी मिली, वहां तुरंत काम कराया जा रहा
PNC के मैनेजर विजय एस कुंडू के मुताबिक, बुधवार रात बारिश रुकते ही प्रभावित हिस्सों में मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सड़क पर जहां भी व्हील ट्रैक या बारिश के कारण किनारे की मिट्टी कटने जैसी समस्या सामने आ रही है, उसे ठीक कराया जा रहा है।एजेंसी का दावा है कि एक्सप्रेसवे की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, कम समय में बारबार सड़क धंसने और बारिश के बाद नई दरारें सामने आने से एक्सप्रेसवे की मजबूती और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है।
ये भी पढ़ें:



