फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी विदेशी निवेशकों ने अगस्त के पहले 15 दिनों में भारतीय शेयर बाजार के कुछ चुनिंदा सेक्टरों में जमकर खरीदारी की है. खास बात यह है कि विदेशी निवेशकों ने फाइनेंस शेयरों में अचानक खरीदारी बढ़ाई है. 1 से 15 अगस्त के बीच FIIs ने भारतीय फाइनेंस सर्विस के शेयरों में ₹6,535 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की. इससे पहले जुलाई के आखिरी 15 दिनों में विदेशी निवेशकों ने फाइनेंस सर्विस शेयरों में ₹2,669 करोड़ की बिकवाली की थी. यानी सिर्फ कुछ ही दिनों में करीब ₹9,204 करोड़ का बड़ा बदलाव देखने को मिला.

NSDL के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त के पहले पखवाड़े में सभी सेक्टरों में FIIs का कुल नेट निवेश बढ़कर ₹16,618 करोड़ हो गया. जुलाई के दूसरे पखवाड़े में यह आंकड़ा ₹4,642 करोड़ था.
इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा खरीदारी
विदेशी निवेशकों ने वित्तीय सेवाओं के अलावा ऑटोमोबाइल और कंज्यूमर सर्विसेज में भी जमकर पैसा लगाया. इन तीनों सेक्टरों में मिलाकर FIIs ने ₹14,338 करोड़ की नेट खरीदारी की. वित्तीय सेवाएं सबसे आगे रहीं और कुल सेक्टोरल निवेश का करीब 40% हिस्सा इसी सेक्टर में गया. जानकारों के मुताबिक, इससे संकेत मिलता है कि बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव कम हुआ है और वे दोबारा निवेश बढ़ा रहे हैं.
ऑटो शेयरों में भी बढ़ा भरोसा
ऑटोमोबाइल सेक्टर में FIIs ने ₹4,405 करोड़ लगाए. पिछले पखवाड़े में यह खरीदारी ₹2,372 करोड़ थी. हालांकि, ऑटो शेयरों में हालिया खरीदारी के बावजूद पिछले कई महीनों की बिकवाली पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. पिछले पांच महीनों में इस सेक्टर से विदेशी निवेशकों ने करीब ₹35,739 करोड़ निकाले हैं.
कंज्यूमर और हेल्थकेयर पर भी फोकस
कंज्यूमर सर्विसेज सेक्टर में FIIs ने ₹3,398 करोड़ का निवेश किया. पिछले पखवाड़े में यह आंकड़ा ₹2,840 करोड़ था. माना जा रहा है कि विदेशी निवेशक ऐसे कारोबारों को पसंद कर रहे हैं, जिनकी कमाई और कैश फ्लो स्थिर रहते हैं. हेल्थकेयर सेक्टर में ₹2,910 करोड़ और IT शेयरों में ₹2,530 करोड़ की खरीदारी हुई. कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी ₹1,472 करोड़ का निवेश आया.
मेटल और ऑयलगैस में भी खरीदारी
विदेशी निवेशक मेटल और ऑयलगैस शेयरों में भी खरीदार बने. मेटल सेक्टर में ₹720 करोड़ और ऑयलगैस में ₹490 करोड़ की नेट खरीदारी हुई. वहीं टेलीकॉम, कैपिटल गुड्स, पावर और रियल एस्टेट में बिकवाली जारी रखी. टेलीकॉम सेक्टर से विदेशी निवेशकों ने ₹3,322 करोड़ निकाले. कैपिटल गुड्स में ₹1,556 करोड़, पावर में ₹1,164 करोड़ और रियल एस्टेट में ₹1,014 करोड़ की बिकवाली हुई.


