
सीतापुर, अमृत विचार: आखिरकार शहर की ऐतिहासिक इमारत घण्टाघर प्रशासन के कब्जे में आ ही गई, हाईकोर्ट में अपील खारिज होने के बाद शनिवार सुबह तहसील प्रशासन की टीम ने पहुंचकर उसे कब्जे में ले लिया। तालाबंदी के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
दरअसल 55 साल से शहर के घंटाघर की इमारत पर शहर कांग्रेस कमेटी का कार्यालय स्थापित था। नजूल की भूमि पर स्थापित इमारत के कब्जा धारकों को स्थानीय जिला मजिस्ट्रेट की अदालत से कब्जा छोड़ने का आदेश हुआ था, जिसमें एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन द्वारा चस्पा नोटिस की कार्रवाई की गई, ऐसे में कांग्रेस कमेटी पक्ष सहित अन्य पक्ष हाईकोर्ट चले गए। जहां मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उनकी अपील खारिज कर दी थी। इसके बाद निर्धारित समय सीमा पूरी होने पर प्रशासन ने भवन खाली कराने की कार्रवाई की।
शनिवार सुबह एसडीएम सदर जनार्दन कुमार, तहसीलदार अजीत जायसवाल और नगर पालिका की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम ने कार्यालय में लगे शहर कांग्रेस कमेटी के बोर्ड को हटवाया। इसके बाद भवन पर नगर पालिका की ओर से अपना ताला जड़ा, भारी पुलिस बल देख बाजार के भीतर देर तक अफरातफरी देखने को मिली। एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को खाली कराया और नगर पालिका ने उस पर अपना कब्जा ले लिया है।
ः



