अमृतसर : सोशल मीडिया पर आए दिन अनोखे ऑफर और दावे चर्चा का विषय बनते हैं। इसी कड़ी में अमृतसर के कारोबारी राकेश त्रेहन उर्फ राजा दी किंग का एक दावा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उन्होंने कथित तौर पर लोगों को iPhone देने के लिए ‘iPhone लंगर’ लगाने का ऐलान किया है। हालांकि, इस ऑफर का लाभ लेने के लिए उन्होंने कुछ नियम और शर्तें भी बताई हैं।

सिर्फ महिलाएं कर सकेंगी हिस्सा
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में राजा दी किंग ने इस योजना में शामिल होने का तरीका बताया। उनके मुताबिक, इस ऑफर में केवल महिलाएं ही भाग ले सकती हैं और उनकी उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि इस योजना में किसी तरह की आर्थिक शर्त नहीं रखी गई है। भाग लेने के लिए महिलाओं को एक मोबाइल नंबर 8343000786 पर ‘जय माता दी’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद संबंधित नंबर को ‘जय माता दी आई फोन ग्रुप’ नाम के व्हॉट्सऐप ग्रुप में जोड़े जाने की बात कही गई है। राजा दी किंग के अनुसार, ग्रुप में शामिल होने के बाद महिलाओं को रोजाना ‘जय माता दी’ लिखना होगा। हालांकि, iPhone किस तरीके से और किन शर्तों के तहत मिलेगा, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
पहले पेट्रोल के लंगर का किया था ऐलान
राजा दी किंग इससे पहले चंडीगढ़ में पेट्रोल का लंगर लगाने के ऐलान को लेकर भी चर्चा में आए थे। उन्होंने 18 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही थी, लेकिन भारी बारिश के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
इसके बाद 21 अगस्त को उसी स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की गई। हालांकि, बाद में उनके अनुसार सुरक्षा कारणों और प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के चलते पुलिस ने कार्यक्रम को रोक दिया। कानूनव्यवस्था और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजन को आगे टालना पड़ा।
कौन हैं राजा दी किंग?
राकेश त्रेहन, जिन्हें सोशल मीडिया पर राजा दी किंग के नाम से जाना जाता है, अमृतसर के रहने वाले कारोबारी हैं। उनके परिवार का कारोबार कपड़ा क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उनके अनुसार, वह वर्ष 2010 से बिटकॉइन के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इससे होने वाले मुनाफे का एक हिस्सा लोगों की मदद और सेवा कार्यों में खर्च करते हैं।
पेट्रोल लंगर के ऐलान के बाद अब iPhone वितरण की घोषणा उनके अगले चर्चित दावे के तौर पर सामने आई है। हालांकि, इस योजना की वास्तविकता, iPhone की संख्या, वितरण की प्रक्रिया और पात्र लोगों को फोन मिलने की पुष्टि संबंधित आयोजक या किसी आधिकारिक संस्था की ओर से होना अभी बाकी है।



