TrendingUttar Pradesh

सीतापुर में वन विभाग को फिर चकमा दे गई बाघिन, पड़वे का किया शिकार; 40 दिन से जारी तलाश

सीतापुर। संदना क्षेत्र में पिछले करीब 40 दिनों से दहशत का कारण बनी बाघिन वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद पकड़ में नहीं आ रही है। इमलीपुरवा गांव में बाघिन को पकड़ने के लिए खेत में बांधे गए पड़वा का उसने शिकार कर लिया। हैरत की बात यह रही कि मौके पर तैनात वन विभाग की टीम को बाघिन नजर तक नहीं आई। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है।

मिश्रिख वन रेंज के संदना क्षेत्र में बाघिन की दहशत लगातार बनी हुई है। 15 जुलाई को रसूलवा गांव में किसान कमल किशोर पर हमले के बाद से वन विभाग उसे पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। प्रभावित गांवों में कमांड सेंटर स्थापित किए गए हैं। ट्रैप कैमरे, पिंजरे और ट्रैंकुलाइजेशन टीम भी तैनात की गई है।

शनिवार को इमलीपुरवा गांव में बाघिन को पकड़ने के उद्देश्य से खेत में पड़वा बांधा गया था। देर रात बाघिन ने उसे अपना शिकार बना लिया। बाद में वन विभाग की टीम ने कांबिंग की तो खेत के अंदर पड़वा का क्षतविक्षत शव बरामद हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी बाघिन दो बार पड़वा का शिकार कर चुकी है, लेकिन वन विभाग उसे पकड़ने में सफल नहीं हो पाया। बाघिन की लगातार मौजूदगी से बच्चों का स्कूल जाना और किसानों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

मिश्रिख रेंज के प्रभारी सिकंदर सिंह ने बताया कि इलाके में बाघिन के ताजा पगचिह्न मिले हैं। उसे पकड़ने के लिए लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ायी गयी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply