IndiaPunjabTrending

हैवान पति ने मां साथ मिलकर पत्नी को जबरदस्ती पिलाया टॉयलेट क्लीनर, तड़पती रही महिला, मौत

जालंधर  करतारपुर में एक महिला की इलाज के दौरान मौत के मामले में उसके पति और सास पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतका ने मौत से पहले ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि पति और सास ने विवाद के बाद उसे जबरन टॉयलेट क्लीनर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान संगरूर के धूरी निवासी नेहा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नेहा की करीब सात साल पहले करतारपुर निवासी उमंग बस्सी से शादी हुई थी। उनकी छह साल की बेटी भी है।

अवैध संबंधों का विरोध करने पर विवाद का आरोप

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती नेहा ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में आरोप लगाया था कि उसके पति के एक अन्य युवती से संबंध थे। नेहा का कहना था कि वह इसका विरोध करती थी, जिसके चलते पति के साथ अक्सर विवाद होता था।

महिला ने अपने बयान में बताया कि 19 अगस्त को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद उसके पति और सास ने मिलकर उसे जबरन टॉयलेट साफ करने वाला केमिकल पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया।

बोल नहीं पा रही थी महिला, लिखकर दिए बयान

परिजनों के अनुसार, हालत गंभीर होने के कारण नेहा बोलने की स्थिति में नहीं थी। ऐसे में उसने लिखकर अपना बयान दिया। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। बाद में उसने दम तोड़ दिया।

मौत से पहले सामने आए वीडियो में महिला की गंभीर हालत दिखाई देने की बात कही जा रही है। वीडियो और महिला के बयान को पुलिस जांच का हिस्सा बनाया गया है।

भाई का आरोप घटना की जानकारी 24 घंटे बाद मिली

नेहा के भाई अमरीश कुमार ने आरोप लगाया कि मायके वालों को घटना की जानकारी करीब 24 घंटे बाद दी गई। उनका दावा है कि आरोपी पति अस्पताल में मौजूद था और बाद में अपनी मां तथा छह साल की बच्ची को लेकर वहां से चला गया।

परिजनों ने पुलिस से पति और सास को जल्द गिरफ्तार करने और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पति और सास के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, नेहा के मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयान के आधार पर करतारपुर पुलिस ने 21 अगस्त को पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी के खिलाफ BNS की धारा 123, 109 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply