CEC Gyanesh Kumar Lucknow Visit: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार लखनऊ पहुंचे हैं। यहां एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ है। आपको बता दें दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए हैं। यहां पहुंचने पर उन्होंने कहा कि लखनऊ मेरी तपोभूमि और कर्मभूमि रही है। लखनऊ से शिक्षा हासिल की है। मैं लंबे समय बाद लौटा हूं।

उन्होंने कहा कि यूपी के मतदाताओं और अधिकारियों से संवाद करेंगे। बूथ लेवल अधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। मतदाताओं से सीधे जुड़े BLO, चुनाव में भूमिका बेहद अहम है। मेरा फोकस चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देने पर रहेगा। युवाओं को लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र मजबूत बनाने में हर मतदाता की भूमिका अहम है। उन्होंने मतदाताओं से की चुनाव प्रक्रिया को समझने की अपील की है।
लखनऊ से ली है शिक्षा
आपको बता दें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में शुरुआती शिक्षा ली थी। जिसके चलते सबसे पहले वे 24 अगस्त यानी आज वे इसी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचेंगे। 24 अगस्त की सुबह इसी कॉलेज के अवध ऑडिटोरियम में छात्रों के साथ एक संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया है। इसमें वे भाग लेंगे। इसके बाद ज्ञानेश कुमार लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में चुनावी साक्षरता क्लब और निर्वाचन आयोग के डिजिटल मंच ईसीआईनेट पर आयोजित एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
ईएलसी के सम्मेलन में होंगे शामिल
चुनावी साक्षरता क्लब और ईसीआईनेट पर क्षेत्रीय सम्मेलन पूरे राज्य में तीन चरणों में लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाले पहले चरण में 20 जिलों लखनऊ, शाहजहांपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी, गोंडा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
25 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लखनऊ और आसपास के जिलों के लगभग 500 बूथ स्तरीय अधिकारियों के साथ सीधे बातचीत करेंगे।


