BusinessIndia

हरियाणा में गोदरेज ग्रुप करेगा 20 हजार करोड़ का निवेश, खुलेंगे 40 हजार नौकरियों के दरवाजे!

देश के प्रमुख कारोबारी समूह गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने हरियाणा सरकार के साथ एक अहम समझौता किया है. इस समझौते के तहत ग्रुप आने वाले समय में राज्य के भीतर करीब 20,000 करोड़ रुपये का भारीभरकम निवेश करेगा. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में इस बड़े करार पर मुहर लगी है. खास बात ये है कि इस निवेश से सूबे के युवाओं के लिए 40,000 नई नौकरियों के रास्ते खुलेंगे.

रोजगार के मोर्चे पर राहत

गोदरेज ग्रुप के लिए हरियाणा कोई नया बाजार नहीं है. कंपनी अब तक यहां करीब 12,000 करोड़ रुपये लगा चुकी है. मौजूदा समय में ग्रुप के विभिन्न व्यवसायों में लगभग 9,000 लोग काम कर रहे हैं. अब नए निवेश के साथ ही 40 हजार अतिरिक्त रोजगार पैदा होने की उम्मीद है. इसमें सीधे तौर पर मिलने वाली नौकरियों के साथसाथ परोक्ष रोजगार भी शामिल हैं.

रियल एस्टेट सेक्टर में बंपर दांव

ग्रुप के इस भारीभरकम निवेश प्लान को मुख्य रूप से गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड आगे बढ़ाएगी. ये कंपनी अब तक 11,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है. कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 28 तक 16,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने का है. इसके बाद राज्य में कंपनी का कुल निवेश 27,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा. फिलहाल गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद, पानीपत के साथ कुरुक्षेत्र में कंपनी के 18 प्रोजेक्ट चल रहे हैं. इन प्रोजेक्ट्स से भविष्य में 11,000 से ज्यादा रोजगार मिलने का अनुमान है. इसके अलावा ग्रुप का प्राइवेट इक्विटी बिजनेस ‘गोदरेज वेंचर्स’ गुरुग्राम में ग्रेड ए+ ऑफिस इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 3,500 करोड़ रुपये निवेश करेगा. इससे भी 30,000 नौकरियों के मौके बनेंगे.

निवेश के लिए हरियाणा ही क्यों

गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज का मानना है कि हरियाणा ग्रुप के लिए ग्रोथ का एक अहम इंजन बनकर उभरा है. अर्थव्यवस्था की मजबूती, तेजी से होता शहरीकरण के साथ गुरुग्राम का एक बड़े कमर्शियल हब के रूप में उभरना, उनके बिजनेस के लिए बेहतरीन मौके तैयार कर रहा है. वहीं कॉर्पोरेट अफेयर्स के प्रेसिडेंट राकेश स्वामी ने राज्य सरकार के ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ मॉडल की तारीफ की है. उनका कहना है कि सरकार ने निवेश के लिए एक शानदार माहौल बनाया है, जिससे लंबे समय के लिए हरियाणा एक बेहतरीन विकल्प बन गया है.

सामाजिक जिम्मेदारी पर भी फोकस

सिर्फ रियल एस्टेट ही नहीं, बल्कि फाइनेंस से लेकर एफएमसीजी तक ग्रुप की यहां मजबूत पकड़ है. गोदरेज कैपिटल की 5 ब्रांच हरियाणा में काम कर रही हैं. वहीं गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का भी एक बड़ा नेटवर्क यहां मौजूद है. कारोबार के साथसाथ कंपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को भी निभा रही है. ग्रुप हर साल सामाजिक कार्यों पर करीब 1 करोड़ रुपये खर्च करता है. इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर स्तर के प्रोजेक्ट्स पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए गए हैं. इनमें निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की मदद करना, मौसम से जुड़ा बीमा देना, करनाल से लेकर कुरुक्षेत्र में सार्वजनिक जगहों का सौंदर्यीकरण करना शामिल है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply