CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

​​​​​ ​​​घूमने के बहाने कार में बैठाया, फिर ईंट से सिर पर किया वार; 25 साल की शीबा की हत्या का खुलासा..​​​​​​​

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में 25 वर्षीय महिला शीबा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मृतका के पति की पहली पत्नी भी शामिल है। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को सरधना इलाके में कुशावली-सलावा मार्ग के पास गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान कराने के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया और अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा की।

21 अगस्त को भावनपुर थाना क्षेत्र के सियाल गांव निवासी जुनैद ने तस्वीर देखकर शव की पहचान अपनी बहन शीबा के तौर पर की। इसके बाद उसकी शिकायत पर सरधना थाने में पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

बेटे के जन्म के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस की जांच में सामने आया कि सादिक की पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। पुलिस के अनुसार, बेटे की चाहत में सादिक ने शीबा से दूसरी शादी की थी। दोनों का करीब 18 महीने का एक बेटा भी है।

आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद आसिया उस बच्चे को अपने पास रखना चाहती थी। इसी दौरान शीबा को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

घूमाने के बहाने कार में बैठाया

पुलिस के अनुसार, शीबा को घूमाने के बहाने कार में बैठाया गया। आरोप है कि कार में उसके साथ मारपीट की गई और फिर ईंट से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस और SWAT टीम ने शनिवार को शादाब, वसीला और आसिया को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply