गट हेल्थ अगर खराब हो तो इससे सीधे तौर पर आपके पाचन पर असर होता है. इस वजह से पेट में दर्द होना, भारीपन, सीने में जलन, खट्टी डकारें, कब्ज की समस्या, जी मिचलाना जैसी दिक्कतें अक्सर बनी रहती हैं. इससे आपकी ओवरऑल हेल्थ पर बुरा असर होता है. इस आर्टिकल में हम जानेंगे डेली रूटीन की उन खराब आदतों के बारे में जो आपकी गट को खराब कर रही हैं.

जो लोग डेली रुटीन में बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड लेते हैं. उनकी गट हेल्थ और डाइजेशन दोनों सही नहीं रहते हैं. दरअसल इनमें फाइबर की कमी होती है और बहुत ज्यादा शुगर कंटेंट, एक्स्ट्रा नमक, अनहेल्दी फैट्स के साथ ही प्रिजर्वेटिव्स भी होते हैं. इससे आपकी आंतों में मौजूद आंतों के माइक्रोबायोम की स्थिति बिगड़ सकती है और इससे गट को नुकसान होता है.
मॉडर्न लाइफस्टाइल में खानपान की आदतें काफी बिगड़ चुकी हैं. लोग कई बार नाश्ता स्किप कर देते हैं या फिर सही से नहीं लेते हैं. इसी तरह से रात का खाना बहुत लेट खाते हैं. समय पर न खाना या फिर किसी भी टाइम का खाना छोड़ देना. ये दोनों ही आदतें एंजाइमों के सिक्रेशन , एसिड प्रोडक्शन आदि को प्रभावित करती हैं, जिससे गट और डाइजेशन को नुकसान पहुंचता है.
पानी आपकी ओवरऑल बॉडी को हेल्दी रखने का काम करता है और खाने के पाचन में भी अहम भूमिका निभाता है. अक्सर देखने में आता है कि जो लोग कम पानी पीते हैं उन्हें कब्ज की समस्या हो जाती है. दरअसल पानी पोषक तत्वों के अवशोषण के साथ ही विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने के लिए बहुत जरुरी होता है. जब आप कम पानी पीते हैं तो मल कठोर हो जाता है, जिससे आंतों पर दबाव पड़ता है. इसी के साथ किडनी पर भी बुरा असर होता है.
रात में देर तक जागना जैसे कल्चर बन गया है. लोग स्क्रीन के सामने घंटों बिताते हैं और 12 से 1 तो कभीकभी इससे भी देर तक जागते रहते हैं. इससे स्ट्रेस भी बढ़ता है और आपकी गट को भी नुकसान पहुंचता है. डिनर को सही समय पर करने के साथ ही सही समय पर सोने और जागने के रूटीन का पालन करना चाहिए.
सुस्त रूटीन आज के टाइम में बहुत बड़ी वजह है कि लोग पाचन से जुड़ी समस्याओं से जूझते रहते हैं. इसके अलावा वजन भी बढ़ने लगता है. कई बार काम की वजह से ही लोगों को सिटिंग जॉब में बैठकर कई घंटे बिताने होते हैं. हालांकि जरूरी है कि आप समय निकालकर सुबह या शाम हल्कीफुल्की एक्टिविटीज जरूर करें और दिन में भी बीचबीच में ब्रेक लेकर हल्की सैर करनी चाहिए.



