
लखनऊ, अमृत विचार। बारिश से शहर की सड़कों की बजड़ी उखड़ गयी है और जगहजगह गड्ढे हो गए हैं। इन खस्ताहाल सड़कों पर लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हजरतगंज और गोमती नगर जैसे वीवीआईपी इलाकों में सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। विभूति खंड, गोमती नगर विस्तार, इन्दिरा नगर, लालबाग, वृंदावन कालोनी, सरोजनीनगर के कई इलाकों में सड़कों के गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में समस्या हो रही है।
वृंदावन कालोनी में कई गलियां ऐसी हैं, जहां सड़क का नामोनिशान मिट चुका है। करोड़ों रुपये खर्च के बाद भी सड़कें जल्दी खराब होने से गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर निगम बारिश से खराब हुईं सड़कों का सर्वे कराएगा।
मुख्य अभियंता ने सभी जोन के अभियंताओं से मांगी रिपोर्ट
नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा ने बारिश से खराब हुई सड़कों की सभी जोन के नगर अभियंताओं से सर्वे कराके रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि इसके बाद सड़कों का टेंडर कराके दीवाली से पहले खराब सड़कें बना दी जाएंगी। ये सड़कें 15वें वित्त और अवस्थापना निधि से बनाई जाएंगी। इसके अलावा नगर निगम ने इसके लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है।
पैच वर्क और नई सड़कें भी बनाई जाएंगी
बारिश से खराब हुईं मरम्मत लायक सड़कों का नगर निगम पैच वर्क कराएगा। इसके अलावा पूरी तरह खराब हो चुकीं सड़कें नई बनाई जाएंगी। इसके लिए नगर निगम ने बजट में अलग से धनराशि का प्रावधान किया है। सड़कों की मरम्मत और नई सड़कें बनाने के लिए नगर निगम 271 करोड़ रुपये खर्च करेगा।



