कभी राखी का मतलब था राजा भैय्या, मेरे भैय्या लिखा रंगबिरंगा धागा, कुछ मोती थोड़ी सजावट और मिठाई का डिब्बा. राखी बंधी, मिठाई खाई गई और त्योहार सम्पन्न. लेकिन बाजार बदला और अब राखी सिर्फ हाथ पर बांधने वाला धागा नहीं, ज्वैलरी और कीपसेक गिफ्ट भी बन रही है. बड़े ज्वैलरी और फैशन ब्रांड राखी को अपने फेस्टिव कलेक्शन का हिस्सा बना रहे हैं. बाजार में चांदी से लेकर डिजाइनर, ब्रेसलेटस्टाइल राखियों तक नई रेंज दिखाई दे रही है.

राखी बांधने के कई मॉडर्न तरीके मार्केट में ट्रेंड कर रहे हैं. पहले धागे से बनी राखी को एक या दो दिन बाद खोल दिया जाता था, पर अब इन्हें परमानेंट ब्रेसलेट की तरह पहना जाता है. जानें कैसे ये स्टाइल स्टेटमेंट बन गया है जानें…
राखी बाजार में ज्वैलरी ब्रांड
हालांकि ऐसा नहीं है कि ज्वैलरी ब्रांड पहली बार राखी बाजार में आए हैं. ज्वैलरी ब्रांड तनिष्क के पास मौजूदा समय में 29 राखी प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन रेंज है. इसमें 925 सिल्वर की राखियां शामिल हैं. इसमें चांदी की राखियों की कीमत करीब 2,436 रुपये से शुरू होकर कुछ डिजाइन में 5,358 रुपये तक पहुंच रही है.
बदलाव यह है कि राखी को अब सिर्फ एक दिन की रस्म नहीं, लंबे समय तक इस्तेमाल होने वाले गिफ्ट के तौर पर पेश किया जा रहा है. 925 स्टर्लिंग सिल्वर की कई राखियां ऐसी हैं जिन्हें त्योहार के बाद भी ब्रेसलेट या एक्सेसरी की तरह पहना जा सकता है. 2026 के बाजार में ऐसी सिल्वर राखियों की कीमत करीब 500 रुपये से शुरू है. जो प्रीमियम ब्रांड्स में 1,000 से 2,000 रुपये या उससे ऊपर तक जा रही हैं.
बदलते बाजार का एक नया उदाहरण पाल्मोनास भी है. जिसके मौजूदा राखी कलेक्शन में सिल्वर राखियां 825 रुपये से शुरू हो रही हैं.क्रिस्टल और दूसरी डिजाइनर राखियां 499 रुपये से उपलब्ध हैं, कुछ 925 सिल्वर डिजाइन 2,000 रुपये के आसपास भी हैं. यानी एक ही ब्रांड राखी को अलगअलग कीमत और स्टाइल में पेश कर रहा है.
बाजार में बदलाव क्यों?
एक वजह है गिफ्टिंग का बदलता अंदाज. अब त्योहार पर ऐसी चीज देने का चलन बढ़ रहा है जो सिर्फ रस्म पूरी करने के बाद रख न दी जाए, बल्कि इस्तेमाल भी हो सके. दूसरी वजह सोने की ऊंची कीमत और उसके मुकाबले चांदी का थोड़ा बजट फ्रेंडली होना.ऐसे में चांदी की राखी त्योहार की भावना और ज्वैलरी की वैल्यू दोनों को जोड़ देती है.
राखी बाजार का एक्सटेंशन सिर्फ ज्वैलरी तक नहीं है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी इसे प्रीमियम और पर्सनलाइज्ड गिफ्टिंग कैटेगरी बना रहे हैं. इस साल अमेजन ने 500 से ज्यादा तरह की राखियों वाला अलग राखी स्टोर लॉन्च किया है, जिसमें डिजिटल, पर्सनलाइज्ड, स्पिरिचुअल, क्रिस्टल और प्रीमियम राखियां शामिल हैं.
कीमतें 19 रुपये से शुरू होकर हजारों तक जाती हैं. बाजार ने राखी को सिर्फ धागे से डिजाइन, ब्रांड और वैल्यू की कैटेगरी बना दिया है. भाई की कलाई पर बंधने वाला धागा अब सिर्फ राखी नहीं फैशन, गिफ्टिंग और मार्केट की नई सोच से उपजा स्टाइल स्टेटमेंट भी हैं.



