India

UP Sarkari Naukri : यूपी में 3,572 युवाओं को सरकारी नौकरी, CM योगी का ऐलान- 6 महीने में 1 लाख और नियुक्तियां

UP Sarkari Naukri : उत्तर प्रदेश में मंगलवार को 3,572 युवाओं के लिए नौकरी का इंतजार खत्म हो गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान सीएम योगी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक के 3,446 पदों और मंडी परिषद में मंडी सचिव के 126 पदों पर चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

CM योगी बोले पारदर्शी तरीके से हो रही भर्तियां

नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और सिफारिश का बोलबाला था, जिससे युवाओं का समय और भविष्य दोनों प्रभावित होते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

छह महीने में 1 लाख और युवाओं को मिलेगी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देना है। उन्होंने भर्ती आयोगों से चयन प्रक्रिया को और तेज करने की अपील भी की। योगी ने कहा कि पहले परीक्षाओं और परिणामों में काफी समय लग जाता था। अब सरकार परीक्षा और रिजल्ट की प्रक्रिया को कम समय में पूरा करने पर जोर दे रही है। उनके मुताबिक, कई परीक्षाएं 14 दिन में और परिणाम अगले 14 दिन में जारी किए जा रहे हैं।

युवाओं की प्रतिभा से बदल रही यूपी की तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए विदेश भेजा गया है और कई युवा वहां अच्छी कमाई कर अपने परिवारों की आर्थिक मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। सरकार का लक्ष्य है कि युवाओं की क्षमता का इस्तेमाल प्रदेश के विकास में किया जाए।

किसान और बिजली के मुद्दे पर भी बोले योगी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में किसानों से जुड़े मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों को मुफ्त बिजली देने और आपदा की स्थिति में जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। उन्होंने पिछली सरकारों पर चीनी मिलों और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अब प्रदेश में बंद पड़ी व्यवस्थाओं को फिर से मजबूत किया गया है और किसानों को समय पर भुगतान और सहायता देने पर जोर है।

ये भी पढ़ें:

‘युवाओं की अनदेखी कर यूपी आगे नहीं बढ़ सकता’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी प्रदेश की तरक्की में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। अगर युवाओं को अवसर नहीं मिलेंगे तो प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि आज यूपी के युवाओं को देश और दुनिया में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और यही बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर है।

ये भी पढ़ें:

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply