नई दिल्ली । एशियाई खेलों से पहले भारतीय दल को बड़ा झटका लगा है। पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे वुशु खिलाड़ी सूर्य भानुप्रताप सिंह डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है। 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले भानुप्रताप इस बार भी भारत के लिए पदक की उम्मीद माने जा रहे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मूकश्मीर के सूर्य भानुप्रताप सिंह को 65 किलोग्राम भार वर्ग के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी की जांच में उनके नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ ओस्टारिन पाए जाने के बाद उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
जकार्ता एशियाड में जीता था कांस्य
सूर्य भानुप्रताप भारतीय वुशु के अनुभवी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा, वह विश्व वुशु चैंपियनशिप में भी दो बार पदक जीत चुके हैं और 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं।
अब टीम में रह गए सात खिलाड़ी
भानुप्रताप के बाहर होने के बाद एशियाई खेलों के लिए भारतीय वुशु दल में खिलाड़ियों की संख्या घटकर सात रह गई है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।
भानुप्रताप का टीम से बाहर होना भारतीय खेल दल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उनसे इस बार भी पदक की उम्मीद की जा रही थी।


