
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यान सरकार ने रक्षाबंधन से पहले प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। सीएम योगी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में उम्रभर निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। योजना लागू होने के बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं परिवहन निगम की बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
आधार या वोटर आईडी दिखाकर मिलेगा लाभ
मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को अपनी उम्र और पहचान का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाया जा सकेगा। दस्तावेज के आधार पर पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
बुधवार को सीएम योगी करेंगे योजना की शुरुआत
सरकार के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इस योजना की शुरुआत करेंगे। सरकार का मानना है कि मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से बुजुर्ग महिलाओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वे अपने जरूरी कामों, रिश्तेदारों से मिलने या अन्य यात्राओं के लिए बिना किराए की चिंता के सफर कर सकेंगी।
नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी
कैबिनेट बैठक में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इससे प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रक्षाबंधन से पहले बुजुर्ग महिलाओं को बड़ी सौगात
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला रक्षाबंधन से ठीक पहले सरकार की ओर से बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है। इस फैसले से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

