IndiaTrendingUttar Pradesh

तेज रफ्तार कार ने कीर्तन कर रहे लोगों को कुचला, 5 की मौत; सड़क जाम और अस्पताल में हंगामा

सुपौल : सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे कीर्तन कर रहे लोगों को कुचल दिया। कटैया चौक के समीप NH327E पर हुए इस दर्दनाक हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और बाद में सदर अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, कटैया चौक के पास झूलन पूजा के अवसर पर कुछ लोग सड़क किनारे कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तिलो दास, राजो दास और सुरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल भुवनेश्वरी यादव और कृष्णा साह ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। घायल रामचंद्र यादव को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध में NH327E को जाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

स्थिति को देखते हुए देर रात भारी संख्या में पुलिस बल के साथ एसडीएम और एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझानेबुझाने का प्रयास किया। हादसे के बाद सदर अस्पताल में भी मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया।

मामले की जानकारी मिलते ही डीएम सावन कुमार और एसपी सरथ आरएस सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply