TrendingUttar Pradesh

UP Sugar Price: यूपी में चीनी के दामों में बड़ी गिरावट, दो दिन में 300 रुपये प्रति क्विंटल तक सस्ती हुई; जानें वजह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों के बीच उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के थोक बाजार में चीनी के भाव पिछले दो दिनों में 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक कम हुए हैं। यानी कीमत में करीब 2 से 3 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त अपील और चीनी मिलों व स्टॉकिस्टों के यहां शुरू हुए जांच अभियान के बाद बाजार में इसका असर दिखाई देने लगा है।

दो दिन में 200300 रुपये प्रति क्विंटल की कमी

चीनी की कीमतों में पिछले दिनों तेजी के पीछे कम उत्पादन के साथ बढ़ती मांग और कथित कालाबाजारी को भी वजह माना जा रहा है। महाराष्ट्र में चीनी की कमी के बाद वहां के बड़े स्टॉकिस्टों और कोलकाता के कारोबारियों ने उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों से बड़े पैमाने पर खरीद शुरू कर दी थी। इससे अचानक मांग बढ़ी और बाजार में कीमतें ऊपर चली गईं।

सरकार ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चीनी मिलों और स्टॉकिस्टों के यहां जांच शुरू की। इसके बाद थोक बाजार में कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।

5100 से घटकर 4800 रुपये प्रति क्विंटल हुआ भाव

विभागीय सूत्रों के मुताबिक करीब एक महीने पहले महाराष्ट्र में चीनी की कमी के बाद वहां और कोलकाता के बड़े स्टॉकिस्टों व डीलरों ने यूपी की मिलों से खरीदारी बढ़ा दी थी। बड़े खरीदारों ने मिलों में 4000 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद के टेंडर डाले।

मांग बढ़ने के साथ चीनी मिलों ने भी कीमतें बढ़ाईं। 22 अगस्त को करीब 5100 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही चीनी का भाव 23 अगस्त तक घटकर लगभग 4800 रुपये प्रति क्विंटल रह गया।

मिल से ग्राहक तक पहुंचतेपहुंचते बढ़ जाती है कीमत

जानकारों के मुताबिक चीनी मिल से निकलने और ग्राहक तक पहुंचने के बीच सामान्य तौर पर करीब 5 से 6 रुपये प्रति किलो का अंतर रहता है। हालांकि, पिछले एक महीने में मिलों पर प्रति क्विंटल 600 से 700 रुपये तक अतिरिक्त कमाई करने की बात सामने आई है।

वहीं, कुछ बिचौलियों पर भी अधिक मुनाफा कमाने के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में बिचौलियों ने 1000 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल तक का मुनाफा कमाया। इसी को देखते हुए सरकार ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है।

यूपी में 180 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक

चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के अनुसार प्रदेश की चीनी मिलों के पास करीब 180 लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक मौजूद है। यूपी में हर महीने लगभग 40 लाख क्विंटल चीनी की खपत होती है।

विभाग का कहना है कि नए पेराई सत्र के शुरू होने तक प्रदेश में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों के सामान्य होने की उम्मीद है।

सीएम योगी बोले प्रदेश में चीनी की कमी नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश 140 करोड़ देशवासियों का पेट भरने की क्षमता रखता है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक यूपी में हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि प्रदेश में करीब 28 लाख टन चीनी उपलब्ध है। यह मात्रा लगभग सात महीने की जरूरत के बराबर बताई गई है।

15 अक्टूबर से शुरू होगा नया पेराई सत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक चीनी मिलों में 15 अक्टूबर से नया पेराई सत्र शुरू होगा। इसके बाद करीब 90 लाख टन अतिरिक्त चीनी उत्पादन होने की उम्मीद है।

सरकार का कहना है कि मौजूदा स्टॉक और नए पेराई सत्र से होने वाले उत्पादन को देखते हुए प्रदेश में चीनी की कमी की स्थिति नहीं बनेगी। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने से बाजार में कीमतों पर और दबाव आने की उम्मीद है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply