चंडीगढ़ : मशहूर पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर का चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया है। आग की लपटों में करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकीं मनजीत पिछले कई दिनों से अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थीं। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इन्फ्लुएंसर की इस दर्दनाक मौत की खबर से सोशल मीडिया पर उनके फैंस और चाहने वाले गहरे सदमे में हैं।

अगवा कर पेड़ से बांधा और छिड़क दिया था पेट्रोल
गौरतलब है कि पिछले महीने मनजीत कौर के आग में बुरी तरह झुलसने की खबर सामने आई थी। उनके परिवार ने इस मामले में बेहद गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए थे। परिजनों के मुताबिक, मनजीत को पहले एक कार में जबरन अगवा किया गया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें एक पेड़ से बांध दिया और उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। इस खौफनाक वारदात में उनका शरीर 90 फीसदी तक जल गया था, जिसके बाद बेहद नाजुक हालत में उन्हें पीजीआई रेफर किया गया था।
पुलिस केस में अब जुड़ेगी हत्या की धारा
इस दिल दहला देने वाली वारदात के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए हत्या के प्रयास समेत कई अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था। अब चूंकि अस्पताल में लंबे इलाज के बाद मनजीत कौर की मौत हो चुकी है, इसलिए पुलिस द्वारा इस मामले में हत्या की धारा जोड़ने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब नए सिरे से इस मामले की जांच में जुट गई है ताकि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले दरिंदों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।



