
नई दिल्लीः भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान और नेटफ्लिक्स ने भारतीय कहानीकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं की अगली पीढ़ी को तैयार करने के लिए 100 छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की घोषणा की है। इस पहल के तहत छह प्रोफेशनल कार्यक्रमों में छात्रों को 80 प्रतिशत तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इस स्कॉलरशिप का लाभ देशभर के छात्र और कामकाजी पेशेवर उठा सकेंगे। योजना में दो एक वर्षीय डिप्लोमा और चार छह महीने के सर्टिफिकेट कार्यक्रम शामिल हैं।
इन छह कार्यक्रमों में मिलेगी स्कॉलरशिप
स्कॉलरशिप के दायरे में इंटरैक्टिव कॉमिक्स एंड सीक्वेंशियल आर्ट्स तथा विजुअल इफेक्ट्स मास्टरी में डिप्लोमा कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा वर्चुअल आर्ट डिपार्टमेंट कंटेंट क्रिएटिविटी, मीडिया टेक वर्कफ़्लो, आर्ट ऑफ कैरेक्टर एनिमेशन और ईस्पोर्ट्स एंड गेमिंग मैनेजमेंट में छहमहीने के सर्टिफिकेट कोर्स भी इस योजना का हिस्सा हैं। ये स्कॉलरशिप देशभर के छात्रों और कामकाजी पेशेवरों के लिए उपलब्ध होंगी।
पीएम मोदी और नेटफ्लिक्स के सहसीईओ की बैठक के बाद पहल
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेटफ्लिक्स के सहसीईओ टेड सारंडोस के बीच गत पांच अगस्त को हुई बैठक के बाद सामने आयी है। इस दौरान भारत की समृद्ध कहानी कहने की परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा को वैश्विक कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया था। इसी दिशा में ‘नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव’ शुरू किया गया, जिसका उद्देश्य एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स क्षेत्र में नयी प्रतिभाओं को उद्योग के अनुरूप कौशल प्रदान करना है।
‘रचनात्मक अर्थव्यवस्था निर्णायक दौर में’
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव और आईआईसीटी बोर्ड के अध्यक्ष चंचल कुमार ने कहा कि भारत की रचनात्मक अर्थव्यवस्था निर्णायक दौर में है। उन्होंने कहा कि तकनीक के साथ कहानी कहने के तरीके बदल रहे हैं और उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए संस्थानों और वैश्विक कंपनियों के बीच सहयोग जरूरी है। आईआईसीटी के सीईओ डॉ. विश्वास देवस्कर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल कौशल प्रदान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि ये कौशल उद्योग के विकास के अनुरूप प्रासंगिक बने रहें। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ सहयोग के जरिए उद्योग के दृष्टिकोण को पाठ्यक्रम, पेशेवर कार्यप्रणाली और छात्रों से अपेक्षित मानकों में शामिल किया जा रहा है।
ः



